मुंगेली : बने खाबो-बने रहिबो 2.0 अभियान: रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा
अभियान के तहत की गई विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच
मुंगेली, 18 अगस्त 2026
आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार 23 अगस्त तक ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मिठाई दुकानों, डेयरी, होटल, किराना दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की जा रही है। अभियान के खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा दीपक कन्फेक्शनरी छतौना मुंगेली, अमन डेयरी एंड डेली निड्स छतौना, राम कुमार चाय नाश्ता होटल जरहागांव, दिलीप कश्यप होटल जरहागांव एवं बावा होटल जरहागांव का निरीक्षण किया गया। इस दौरान लूज पेड़ा, लूज खोवा एवं नमकीन सहित विभिन्न खाद्य सामग्री की जांच की गई। खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव एवं निर्माण प्रक्रिया का भी जायजा लिया गया। इसी क्रम में लोरमी क्षेत्र में मां संतोषी किराना स्टोर्स, मां भगवती जोधपुरी स्वीट्स, मेसर्स बजरंग होटल एवं मेसर्स सौरभ होटल का निरीक्षण किया गया। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करने के निर्देश दिए। संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, पीने योग्य पानी को ढककर रखने, खाद्य पदार्थों को छानने के लिए उपयोग किए जाने वाले तेल का बार-बार इस्तेमाल न करने तथा खाद्य सामग्री की पैकिंग के लिए अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने के लिए समझाइश दी गई। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों के निर्माण में अखाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए अलग-अलग पात्रों का उपयोग करने तथा मिठाइयों में निर्धारित मात्रा से अधिक रंगों का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आवश्यक पंजीयन/लाइसेंस प्राप्त कर ही व्यवसाय संचालित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
त्योहार के दौरान सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उद्देश्य
‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में नकली एवं मिलावटी खाद्य सामग्री की रोकथाम के साथ आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण एवं निर्माण प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने खाद्य दुकान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों को खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने समझाइश दी गई है।



