रायपुर : चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से बच्चों को अधिकार और सुरक्षा की जानकारी, विद्यालयों में निरंतर जागरूकता अभियान
बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम एवं बाल संरक्षण संबंधी प्रावधानों से विद्यार्थियों को कराया जा रहा अवगत
रायपुर, 24 अगस्त 2026
जांजगीर -चाम्पा जिले में बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से विद्यालयों में निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, बाल अधिकारों और संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
इसी क्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मीबाई, चांपा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोखरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, बाल सुरक्षा, बाल श्रम निषेध, बाल विवाह रोकथाम, बाल तस्करी तथा बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
’संकट में बच्चों के लिए 24 घंटे उपलब्ध है चाइल्ड हेल्पलाइन 1098’
विद्यार्थियों को बताया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 बच्चों के लिए 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन संचालित निःशुल्क आपातकालीन सेवा है। अनाथ, बेसहारा, बाल श्रम में संलिप्त, बाल विवाह की आशंका वाले, शोषण अथवा दुर्व्यवहार से प्रभावित या किसी अन्य संकटपूर्ण परिस्थिति में रहने वाले बच्चों की सूचना 1098 पर दी जा सकती है। सूचना मिलने पर संबंधित टीम द्वारा त्वरित हस्तक्षेप करते हुए बच्चे को आवश्यक संरक्षण एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाती है।
’सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की भी दी जानकारी’
जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग, बाल तस्करी तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से बचाव के उपाय बताए गए।
विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि किसी विपरीत परिस्थिति में भयभीत होने के बजाय तत्काल माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय वयस्क को इसकी जानकारी दें और आवश्यकता पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से संपर्क करें।
वीडियो प्रस्तुति एवं संवादात्मक सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर सवाल पूछे, जिनका टीम के सदस्यों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
’बाल संरक्षण में सामूहिक सहभागिता पर जोर’
चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक श्री विष्णु श्रीवास, काउंसलर सुश्री अल्का फॉक, केस वर्कर सुश्री डानी सोनवानी एवं श्री भागीदारी सिदार ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम उन्मूलन तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सेवाओं के संबंध में जानकारी दी।
चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने नागरिकों से अपील की कि किसी बच्चे के बाल श्रम, बाल विवाह, भीख मांगने, सड़क पर रहने, शोषण, उपेक्षा, लापता होने अथवा अन्य संकटपूर्ण स्थिति में पाए जाने पर तत्काल 1098, +91-9827771819 अथवा +91-8963997174 पर सूचना दें। बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सजगता एवं सहभागिता आवश्यक है।


