Home छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 08 सितम्बर तक  

राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 08 सितम्बर तक  

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

कवर्धा : राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 08 सितम्बर तक

 

 

 

 

 

नेत्रदान-महादान, जीवन का सबसे बड़ा वरदान

कवर्धा, 24 अगस्त 2026

राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत कबीरधाम जिले में 25 अगस्त से 08 सितम्बर 2026 तक 41वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान आमजन को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक करने, अधिक से अधिक लोगों को मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करने तथा नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन श्रीमती अनुपमा तिवारी के नेतृत्व तथा जिला नोडल अधिकारी (अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण) डॉ. क्षमा चोपड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. क्षमा चोपड़ा ने बताया कि भारत में बड़ी संख्या में लोग कॉर्नियल अंधत्व से पीड़ित हैं और दृष्टि की रोशनी पाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसकी आंखों से प्राप्त कॉर्निया दो जरूरतमंद लोगों को दृष्टि प्रदान कर सकता है। इसलिए नेत्रदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। नेत्रदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। आपकी आंखें दो लोगों को नई दृष्टि प्रदान कर उन्हें रंगीन दुनिया देखने का अवसर दे सकती हैं। इसी उद्देश्य से इस वर्ष राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के दौरान आमजन से नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की जा रही है।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. क्षमा चोपड़ा ने बताया कि चश्मा लगाने वाले व्यक्ति, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप से पीड़ित व्यक्ति तथा मोतियाबिंद का ऑपरेशन करा चुके लोग भी नेत्रदान कर सकते हैं। मृत्यु के बाद आंखों से कॉर्निया निकालने की प्रक्रिया में सामान्यतः 10 से 15 मिनट का समय लगता है। इससे चेहरे पर किसी प्रकार की विरूपता नहीं आती। मृत्यु के 6 घंटे के भीतर कॉर्निया निकालना आवश्यक होता है। इसलिए मृत्यु की सूचना मिलते ही संबंधित नेत्र बैंक अथवा स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सूचित करना चाहिए। नेत्रदान की प्रक्रिया के कारण अंतिम संस्कार में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होती है।

आज ही लें नेत्रदान का संकल्प

अपने नजदीकी नेत्र बैंक अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल के नेत्र विभाग से संपर्क कर नेत्रदान का संकल्प पत्र भर सकते हैं। आपका छोटा-सा संकल्प किसी जरूरतमंद के जीवन में नई रोशनी ला सकता है। नेत्रदान के संबंध में जानकारी अथवा संकल्प के लिए कबीरधाम जिले में श्री मेघनाथ कुलमित्र, सहायक नेत्रदान अधिकारी मोबाइल नंबर-9770101006,  श्री धीरेन्द्र कुमार शर्मा, नेत्र सहायक अधिकारी जिला चिकित्सालय, कबीरधाम मोबाइल नंबर-8085615659 से संपर्क किया जा सकता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने की नेत्रदान की अपील

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे ने राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर कबीरधाम जिले के समस्त नागरिकों से नेत्रदान का संकल्प लेने तथा समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा किया गया नेत्रदान किसी ऐसे व्यक्ति के जीवन में दृष्टि की नई रोशनी ला सकता है, जो आंखों की रोशनी से वंचित है। नेत्रदान मृत्यु के बाद किया जाता है और इसके माध्यम से किसी के जीवन में उजाला लाने का महान कार्य किया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘‘नेत्रदान-महादान, जीवन का सबसे बड़ा वरदान’’ की भावना को आत्मसात करते हुए अधिक से अधिक लोग नेत्रदान का संकल्प लें और मानवता की सेवा में सहभागी बनें।