लोरमी- शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरदीबान्ध में शिक्षक दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भीखम साहू, समाजसेवी धर्मेंद्र धृतलहरे एवं अमित साहू के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकों का माल्यार्पण कर डायरी एवं कलम भेंटकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल सम्मान से सम्मानित शिक्षक एवं प्रधानपाठक डॉ. सत्यनारायण तिवारी ने विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत नामांकन, विद्यालय में बच्चों के ठहराव तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया।
वहीं शिक्षक अमित कुमार डडसेना ने शिक्षकीय गरिमा को बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र धृतलहरे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष भीखम साहू ने किया।
इस अवसर पर शिक्षक विद्यानंद कश्यप, श्रीमती दीपा मिश्रा, श्रीमती पुनीता कश्यप, देवीसिंह राजपूत एवं वैभव कुमार धृतलहरे सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

