Home छत्तीसगढ़ मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा की

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा की

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा की

 

 

 

 

 

‘आंगन मिलन सेवा सम्मान’ एवं ‘सुपोषित महतारी सम्मान’ से उत्कृष्ट कार्य और सहभागिता को मिलेगा प्रोत्साहन

आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता, पोषण एवं बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग पर दिया जोर

रायपुर, 11 सितंबर 2026

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज खैरागढ़ में विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल विकास का प्रभावी केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, बच्चों की नियमित एवं सही ग्रोथ मॉनिटरिंग करने तथा पोषण संबंधी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने पर्यवेक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने महतारी वंदन योजना के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने तथा लंबित हितग्राहियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए और मैदानी स्तर पर इसकी सतत निगरानी आवश्यक है।

‘आंगन मिलन सेवा चौपाल’ और ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के अधिकारियों से जुड़कर आगामी विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने 25 सितंबर से ‘आंगन मिलन सेवा चौपाल एवं हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के माध्यम से पोषण एवं महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ‘मेरी पोषण थाली’ एवं व्यंजन विधि प्रदर्शनी और बच्चों के लिए खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, हितग्राही माताओं, अभिभावकों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने कहा। मंत्री ने विभागीय गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार, फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण तथा नियमित प्रगति प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां जनसंपर्क विभाग को उपलब्ध कराने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आगामी 8 अक्टूबर को ‘आंगन मिलन सेवा सम्मान एवं सुपोषित महतारी सम्मान’ आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों, विभागीय मैदानी अमले, स्व-सहायता समूहों और समुदाय द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं प्रभावी सहभागिता को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। साथ ही योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभवों और सफलता की कहानियों को साझा कर अन्य लोगों को भी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाए।

समीक्षा बैठक में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, मैदानी गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित थे।