आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में प्रदेश प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जसबीर सिंह चावला एवं प्रियंका शुक्ला को छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रवक्ता नियुक्त किया ,,,,

आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक मजबूती देने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच रखने के उद्देश्य से प्रदेश प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है।
पार्टी द्वारा जारी नियुक्ति सूची के अनुसार सरदार जसबीर सिंह चावला एवं प्रियंका शुक्ला को छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
सरदार जसबीर सिंह चावला, जो वर्तमान में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, को प्रदेश प्रवक्ता की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। नियुक्ति पर सरदार जसबीर सिंह चावला ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से प्रदेश की आवाज़ बनाया जाएगा।
वहीं प्रियंका शुक्ला, जो पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं, को भी प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ प्रियंका शुक्ला लगातार महिलाओं, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही हैं। जनता के सवालों को मुखरता से सामने रखने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में उनकी सक्रियता महत्वपूर्ण रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ अब प्रवक्ता की भूमिका में भी वे पार्टी का पक्ष मजबूती से रखेंगी।
पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई है कि सरदार जसबीर सिंह चावला और प्रियंका शुक्ला के अनुभव, सक्रियता एवं संगठनात्मक क्षमता से छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी की आवाज़ और अधिक मजबूती से जनता के बीच पहुंचेगी।



