बिलासपुर : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बिलासपुर में 52.41 करोड़ रुपए के सड़क विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
पेंड्रीडीह चौक से नेहरू चौक तक 15.37 किमी सड़क का होगा मजबूतीकरण, हथनी-नवागांव-गोड़ी-उड़गन मार्ग का भी होगा निर्माण
बिलासपुर, 12 सितंबर 2026
उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने आज बिलासपुर के रामा वैली में आयोजित कार्यक्रम में 52.41 करोड़ रुपए के विभिन्न सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 40.79 करोड़ रुपए की लागत से पेंड्रीडीह चौक से नेहरू चौक तक 15.37 किलोमीटर सड़क का मजबूतीकरण, 8.39 करोड़ रुपए की लागत से हथनी-नवागांव-गोड़ी-उड़गन मार्ग के 5.75 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा बोदरी में 3.23 करोड़ रुपए की लागत से नवीन विश्राम गृह का निर्माण शामिल है। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने की।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इस अवसर पर कहा कि इन सड़क विकास कार्यों के पूर्ण होने से हाई कोर्ट सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और यातायात सुगम होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सड़क अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दे रही है। पिछले ढाई वर्षों में अकेले बिलासपुर जिले में 1000 करोड़ रुपए से अधिक के सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इसी तरह बिलासपुर संभाग में लगभग 3500 करोड़ रुपए के सड़क विकास कार्य मंजूर किए गए हैं। बारिश के बाद इन सभी कार्यों में तेजी आएगी। श्री साव ने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों को स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ करने की आवश्यक तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण के लिए 12 हजार 666 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में एक वर्ष में इतनी बड़ी संख्या में सड़क विकास कार्यों को स्वीकृति मिलना अभूतपूर्व है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित एक-एक गारंटी को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरा कर रही है। गांव से लेकर शहर तक तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। केंद्र सरकार से भी प्रदेश के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं में भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का कलंक छत्तीसगढ़ से मिट गया है और प्रदेश में निवेश एवं उद्योग स्थापित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग आगे आ रहे हैं। युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है, ताकि युवा नौकरी तलाशने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में लगभग 400 करोड़ रुपए के सड़क विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अच्छी और गुणवत्तापूर्ण सड़कों का होना बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सड़क अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि नगरीय विकास के लिए भी सरकार द्वारा पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम में क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवनी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



