रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत एक लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीयों’ से रोशन हुआ बालोद

सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में सांसद श्री भोजराज नाग सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया सेवा एवं विकसित भारत का संकल्प
रायपुर, 17 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज बालोद जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का गरिमामय शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, सेवा भावना और जनभागीदारी को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां एक लाख से अधिक दीपों से भारत के मानचित्र की आकर्षक आकृति बनाई गई।
जिला स्तरीय आयोजन में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत किया।
सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि इतने व्यापक स्तर पर आयोजन की सफलता सामूहिक सेवाभाव, समर्पण और कर्तव्यपरायणता का परिणाम है। उन्होंने अभियान के आगामी आयोजनों में भी इसी उत्साह और सहभागिता के साथ जुड़ने का आह्वान किया।
दीपों की रोशनी से जनभागीदारी और सेवा का संदेश
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सकारात्मकता और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। स्टेडियम परिसर में एक लाख से अधिक दीपों से भारत के मानचित्र को साकार किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक इसमें सहभागिता कर सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को अपनी भागीदारी से अभिव्यक्त किया।
जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रहा आम नागरिकों का जीवन
कार्यक्रम में सांसद श्री भोजराज नाग ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, कोरोना काल में निःशुल्क टीकाकरण, रेलवे के आधुनिकीकरण और अमृत भारत स्टेशन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों को मिल रही सुविधाओं और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी साझा की गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा
कार्यक्रम में पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, पूर्व विधायक श्री वीरेन्द्र साहू, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, वनमंडलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से जिले में सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने और शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया। बालोद में एक लाख से अधिक दीपों की रोशनी में साकार भारत का मानचित्र सेवा, सुशासन और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बना।



