गरियाबंद : जिले में 7 परिवहन सुविधा केंद्रों की होगी स्थापना
30 सितंबर तक कर सकते है आवेदन
गरियाबंद, 18 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ शासन परिवहन विभाग के निर्देशानुसार जिले में अतिरिक्त परिवहन सुविधा केंद्र स्थापित किए जाने हैं। इसके लिए इच्छुक पात्र आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिले के गरियाबंद, छुरा, फिंगेश्वर, मैनपुर और देवभोग विकासखंडों में कुल 7 परिवहन सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें गरियाबंद में 2, छुरा में 1, फिंगेश्वर में 2, मैनपुर में 1 तथा देवभोग में 1 केंद्र शामिल है।
परिवहन सुविधा केंद्र के लिए इच्छुक आवेदक निर्धारित शुल्क 200 रुपये जमा कर जिला परिवहन कार्यालय, गरियाबंद में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदक 30 सितंबर 2026 को शाम 5ः30 बजे तक आवेदन कर सकते है। निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुविधा केंद्र के लिए जिले के स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा। आवेदन से संबंधित अर्हताओं, नियम एवं शर्तों की जानकारी जिला परिवहन कार्यालय, गरियाबंद में कार्यालयीन दिवसों में उपस्थित होकर प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ शासन परिवहन विभाग द्वारा जारी परिवहन सुविधा केंद्र मार्गदर्शिका-2022 का अवलोकन भी किया जा सकता है।



