Home छत्तीसगढ़ सेवा की कहानी : स्टॉपडेम से खुशहाल हुए आदिवासी परिवार

सेवा की कहानी : स्टॉपडेम से खुशहाल हुए आदिवासी परिवार

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : सेवा की कहानी : स्टॉपडेम से खुशहाल हुए आदिवासी परिवार

 

 

 

 

 

किसानों के लगभग 30 एकड़ खेतों में मिली सिंचाई की सुविधा

’रायपुर 22 सितंबर, 2026

 

कोरिया जिले के कदमनारा ग्राम पंचायत में एक पहाड़ी के नीचे जोबा पारा आश्रित ग्राम है। यंहा लगभग दो दर्जन आदिवासी परिवार निवासरत हैं। इसी पहाड़ी के नीचे बहने वाले नकटी नाले पर बने एक स्टॉपडेम बनने से इन किसान परिवारो का जीवन बदल रहा है। उचित स्थल चयन के साथ बने एक स्टॉपडेम की मदद से जोबापारा के दर्जनभर किसान परिवार खुशहाली की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। स्टॉपडेम से सिंचाई की सुविधा पाकर यंहा लगभग 30 एकड़ खेतों में धान की फसल लहलहा रही है।

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों से संघर्ष

जोबापारा, कदमनारा ग्राम पंचायत में आश्रित ग्राम लगभग पहाड़ी पर बसा हुआ है। जिसके नीचे से नकटी नाले का बहाव है। यंहा की आबादी में आदिवासी परिवार बहुतायत में हैं। भूमि काफी ऊपर नीचे होने के कारण इन भौगोलिक परिस्थितियों में खेती करना बेहद चुनौती भरा है। नाले में पानी रहने के बाद भी यंहा रहने वाले किसान परिवार अपने खेतों में सिंचाई के लिए हमेशा परेशान रहते थे। लेकिन एक स्टॉपडेम ने सिंचाई की सभी मुसीबतें खत्म कर दी हैं।

स्टॉपडेम से मिली राहत

ग्राम पंचायत में उपस्थित होकर जोबा पारा के किसानों ने नकटी नाले पर एक स्टॉपडेम बनाए जाने की मांग रखी। ग्राम सभा के निर्णय अनुसार मनरेगा के अंतर्गत यंहा एक स्टॉपडेम बनाए जाने के लिए 19 लाख रुपए से अधिक स्वीकृत किए गए। ग्राम पंचायत की देखरेख में ही यह निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया। अब इससे दर्जन भर किसान सीधे लाभ ले रहे हैं।

सोलर पंप लगाकर सिंचाई

गांव में रहने वाले किसानों ने बताया कि जब स्टॉपडेम निर्माण कार्य पूर्ण हो गया तो हमने सौर सुजला योजना से पंप लगा लिए हैं। अब सौर ऊर्जा संयंत्र से आसानी से ऊपर तक हर खेत में भरपूर पानी पंहुचा रहे हैं। साथ ही स्टॉपडेम में बिजली का पंप भी आवश्यकता अनुसार लगा सकते हैं।

बारहमासी सिंचाई की सुविधा

ग्राम पंचायत के सरपंच श्री दयाल साय ने बताया कि तेज बहाव होने से पहले नाले में पानी रोकना कठिन था लेकिन स्टॉपडेम से सब कुछ आसान हो गया है। अब नाले से गांव में तीस एकड़ खेतों में सिंचाई हो रही है। धान की फसल के बाद सभी किसान अपने खेतों में सब्जी और गेहूं की फसल भी लगाएंगे।

लाभान्वित किसान

स्टॉपडेम बनाए जाने से ग्राम जोबापारा में रहने वाले आदिवासी किसान धर्मपाल की 2 एकड़ कृषि भूमि में सिंचाई हो रही है। साथ ही राम सिंह के 2 एकड़, प्रभुदयाल के 1 एकड़, जोखन राम के 1 एकड़,  श्री गणेश के डेढ़ एकड़, उमेश कुमार के 3 एकड़, दयाल साय के 5एकड़, करण साय के 3 एकड़, वंश गोपाल के 3 एकड़, किसान लोधे राम के 3एकड़,शेषमन के 2 एकड़ तथा दखल साय के 3 एकड़ खेतों में भरपूर पानी पंहुचा है। सभी किसान परिवार खुशहाली से आगामी फसलों की खेती की योजना बना रहे हैं।