राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर सोनकर संस्थान में स्वास्थ्य परीक्षण एवं योग शिविर
विद्यार्थियों और शिक्षकों को आयुर्वेदिक जीवनशैली, संतुलित आहार एवं नियमित योग के प्रति किया गया जागरूक

मुंगेली। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर सोनकर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मुंगेली में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण एवं योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला आयुष विभाग मुंगेली एवं स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर, जिला चिकित्सालय मुंगेली की टीम ने सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही, उन्हें आयुर्वेद, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी और आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा दैनिक जीवन में आयुर्वेदिक जीवनशैली, योग, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान चिकित्सा दल ने स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या, पौष्टिक भोजन तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह
जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रगति शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. प्रगति कौशिक एवं डॉ. अमित कुमार मीरी, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप श्रीवास एवं आफरीन खान, होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. यमीमा लिंकन, योग चिकित्सक डॉ. ईश्वरी कौशिक सहित होम्योपैथी से राजनारायण सिंह, औषधालय सेवक देवेंद्र कुमार साहू, पंचकर्म सहायक उमेश कोशले एवं धर्मेंद्र राजपूत की विशेष उपस्थिति रही।
चिकित्सा दल द्वारा शिविर में शामिल विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा आयुर्वेद एवं योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। योग चिकित्सक द्वारा योग के महत्व और नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने लिया लाभ
शिविर में सोनकर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया और आयुर्वेद तथा योग के महत्व को समझा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का संदेश दिया गया।
स्वस्थ विद्यार्थी और स्वस्थ समाज का संदेश
संस्था प्रबंधन ने शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला आयुष विभाग मुंगेली एवं जिला चिकित्सालय मुंगेली की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों का शैक्षणिक विकास जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही आवश्यक उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी है। संस्था द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से “आयुर्वेद अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं—स्वस्थ विद्यार्थी, स्वस्थ शिक्षक, स्वस्थ समाज” का संदेश दिया गया।



