Home छत्तीसगढ़ विदेश मंत्रालय द्वारा SING फोरम 2026 के लिए छत्तीसगढ़ का चयन:मुख्यमंत्री विष्णु...

विदेश मंत्रालय द्वारा SING फोरम 2026 के लिए छत्तीसगढ़ का चयन:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे राज्य प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व  

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : विदेश मंत्रालय द्वारा SING फोरम 2026 के लिए छत्तीसगढ़ का चयन:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे राज्य प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व

 

 

 

देश के दो राज्यों में छत्तीसगढ़ का चयन, 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर रहेगा उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल

वैश्विक निवेशकों के सामने मुख्यमंत्री रखेंगे छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाएं, सीईओ राउंडटेबल में दिग्गज कंपनियों से होगा सीधा संवाद

इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, आईटी-आईटीईएस, जीसीसी और फार्मास्युटिकल्स जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में निवेश पर रहेगा विशेष फोकस

रायपुर, 29 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ अब अपनी औद्योगिक प्रगति और निवेश संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने जा रहा है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार ने सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 के लिए देश के दो राज्यों छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर प्रवास पर रहेगा और SING फोरम 2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण फोरम में छत्तीसगढ़ की भागीदारी राज्य को अपनी उपलब्धियों, औद्योगिक विकास और निवेश की व्यापक संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर देगी। साथ ही सिंगापुर के व्यापार जगत, उद्यमियों, निवेश संस्थानों और वैश्विक कंपनियों के साथ दीर्घकालिक आर्थिक संबंध स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल होगी।

SING फोरम 2026 का यह पहला संस्करण है, जिसका आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा किया जा रहा है। फोरम में सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रमुख और निवेशक एक मंच पर आएंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ व्यापार, निवेश और भविष्य के सहयोग के नए अवसर विकसित करना है।

*सीईओ राउंडटेबल में वैश्विक कंपनियों से सीधा संवाद*

सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सीईओ राउंडटेबल में भी शामिल होंगे। इसमें वे सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों, निवेश संस्थानों और वैश्विक कारोबारी समूहों के सीईओ एवं वरिष्ठ अधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति के प्रावधानों, निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं, वनक्लिक सिंगल विंडो प्रणाली तथा उद्योगों की स्थापना और संचालन के लिए विकसित अनुकूल कारोबारी वातावरण की जानकारी देंगे। वे वैश्विक निवेशकों को विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय फोरम में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत करने के साथ विशेष रूप से रोजगार सृजन करने वाले क्षेत्रों में निवेश के अवसरों को रेखांकित करेंगे। इससे राज्य को दक्षिण-पूर्व एशिया सहित वैश्विक स्तर पर निवेश संबंधी निर्णय लेने वाली प्रमुख कंपनियों और संस्थानों के साथ सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

*इलेक्ट्रॉनिक्स से फार्मा तक निवेश पर फोकस*

प्रतिनिधिमंडल की बैठकों में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, आईटी एवं आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और फार्मास्युटिकल्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने पर विशेष फोकस रहेगा। ये क्षेत्र बड़े निवेश के साथ तकनीक आधारित औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए व्यापक रोजगार के अवसर सृजित करने की क्षमता रखते हैं।

*कौशल विकास और हरित विकास में भी साझेदारी की पहल*

प्रतिनिधिमंडल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेगा। इन बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इन क्षेत्रों में सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ में कुशल कार्यबल तैयार करने, प्राकृतिक विरासत के संरक्षण तथा सतत एवं हरित विकास को आगे बढ़ाने में उपयोगी हो सकता है।

*वैश्विक साझेदारी से खुलेंगे निवेश और रोजगार के नए रास्ते : मुख्यमंत्री श्री साय*

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ को दुनिया के बड़े साझेदारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। विदेश मंत्रालय द्वारा SING फोरम के लिए छत्तीसगढ़ का चयन प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सिंगापुर प्रवास के माध्यम से राज्य में निवेश आकर्षित करने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और वैश्विक विशेषज्ञता एवं नवाचार से जुड़कर विकास के नए रास्ते खोलने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय के साथ राज्य प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार तथा मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) श्री उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।