रायपुर : श्रम का सम्मान: महासम्मेलन में 240 श्रमिकों को मिला करीब 53 लाख रुपये का योजनागत लाभ
डीबीटी के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में अंतरित हुई सहायता राशि,100 श्रमिकों का ई-केवाईसी और 150 का स्वास्थ्य परीक्षण
रायपुर, 30 सितंबर 2026
सेवा को संकल्प में बदलाव के लिए किसी यज्ञ की जरूरत नहीं होती बल्कि इच्छा शक्ति, और आम लोगो की सेवा ही सबसे बड़ा यज्ञ हो जाता है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मगर्गदर्शन में श्रम विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान की महत्ता को प्रतिपादित करते हुए बुधवार को बैकुंठपुर में श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों, अधिकारी- कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।महासम्मेलन के दौरान श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि प्रदान की गई।
पांच योजनाओं के तहत 240 श्रमिक लाभान्वित
महासम्मेलन में विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 52 लाख 63 हजार रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम में 12 श्रमिकों को प्रतीकात्मक रूप से चेक भी प्रदान किए गए। योजनावार लाभान्वित श्रमिकों में मिनीमाता महतारी जतन योजना के 103, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के 43, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के 63, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के 20 तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के 3 श्रमिक शामिल हैं। इस प्रकार कुल 240 श्रमिकों को 52 लाख 63 हजार रुपये की सहायता राशि का लाभ मिला।
ई-केवाईसी और स्वास्थ्य जांच भी
महासम्मेलन के दौरान लगभग 100 श्रमिकों का ई-केवाईसी किया गया। श्रमिकों को बताया गया कि ग्राम पंचायतों में आयोजित किए जा रहे शिविरों में भी अपना ई-केवाईसी कराया जा सकता है। इसके अलावा लगभग 150 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उपस्थित अतिथियों ने पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, महाप्रबंधक एसईसीएल बैकुंठपुर श्री नरेश प्रसाद, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता राजवाड़े तथा श्रम पदाधिकारी सुश्री तनुजा मांझी सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।



