दंतेवाड़ा : मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत 131 तीर्थयात्री गंगासागर, बिड़ला मंदिर और कालीघाट के लिए रवाना
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता एवं उपाध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर बस को किया रवाना
दंतेवाड़ा, 06 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत जिले के 131 तीर्थयात्रियों का दल गंगासागर, बिड़ला मंदिर एवं कालीघाट के दर्शन के लिए सोमवार को बस से रायपुर के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्रियों में यात्रा को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री कैलाश मिश्रा ने बस को हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से जिले के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है। योजना के तहत तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा, आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे वे सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से तीर्थस्थलों का भ्रमण कर सकें। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी श्री संतोष टोप्पो, तीर्थयात्रा जिला नोडल अधिकारी श्री एस.एल. सलाम, तीर्थयात्रा प्रभारी श्री विक्रम सिंह ठाकुर सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की



