Home छत्तीसगढ़ सेवा की कहानी : सुरही जलाशय योजना से 1,362 हेक्टेयर क्षेत्र में...

सेवा की कहानी : सुरही जलाशय योजना से 1,362 हेक्टेयर क्षेत्र में बढ़ी सिंचाई सुविधा, किसानों की खुशहाली को मिला नया आधार

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : सेवा की कहानी : सुरही जलाशय योजना से 1,362 हेक्टेयर क्षेत्र में बढ़ी सिंचाई सुविधा, किसानों की खुशहाली को मिला नया आधार

 

 

 

 

 

जल संसाधन विभाग की पहल से 26 गांवों के किसानों को लाभ, नहर विस्तार एवं जीर्णाेद्धार से खेती को मिला संबल

रायपुर, 15 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी दिशा में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान विकासखंड में सुरही जलाशय योजना किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। जल संसाधन विभाग द्वारा सुरही जलाशय के पैरेट वियर की ऊंचाई बढ़ाने, सुरही नहर विस्तार के जीर्णाेद्धार एवं लाइनिंग कार्य तथा नहर विस्तार के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना से 26 गांवों के किसानों को लाभ मिल रहा है और कृषि उत्पादन बढ़ाने की नई संभावनाएं विकसित हुई हैं।

’45.99 करोड़ रुपये की लागत से साकार हुई महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना’

सुरही जलाशय योजना के अंतर्गत 4,599.48 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना तथा किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाना है। योजना के अंतर्गत नहरों के जीर्णाेद्धार, लाइनिंग एवं विस्तार कार्य किए गए हैं। इससे जल वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सिंचाई क्षमता में वृद्धि करने में मदद मिली है।

’1,362 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता में वृद्धि से किसानों को लाभ’

सुरही जलाशय योजना की रूपांकित सिंचाई क्षमता 6,393 हेक्टेयर है, जबकि पूर्व में 5,151 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध थी। परियोजना के अंतर्गत सिंचाई में हो रही 1,242 हेक्टेयर की कमी को दूर करने के साथ खरीफ फसलों के लिए अतिरिक्त 120 हेक्टेयर सिंचाई सुविधा विकसित की गई है। इस प्रकार कुल 1,362 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता में वृद्धि हुई है। इसके अतिरिक्त रबी फसलों के लिए 244 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का प्रावधान किया गया है।

’नहरों के जीर्णाेद्धार और लाइनिंग से जल प्रबंधन को मिली मजबूती’

परियोजना के अंतर्गत नहरों के जीर्णाेद्धार एवं लाइनिंग कार्य से पानी के अनावश्यक रिसाव को कम करने और सिंचाई जल के प्रभावी वितरण की व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। इससे नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की क्षमता बेहतर हुई है। सिंचाई सुविधा के विस्तार से किसानों को वर्षा पर निर्भरता कम करने, समय पर फसलों की बुवाई करने तथा बेहतर कृषि उत्पादन प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

’26 गांवों की कृषि अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल’

सुरही जलाशय योजना से लाभान्वित 26 गांवों में कृषि गतिविधियों को मजबूती मिल रही है। सिंचाई के लिए पानी की बेहतर उपलब्धता से किसानों को खरीफ के साथ रबी सीजन में भी खेती के अवसर प्राप्त होंगे। इससे फसल विविधीकरण, कृषि उत्पादकता में वृद्धि और किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी। विशेष रूप से छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार उनकी आजीविका को अधिक स्थिर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।