मुंगेली जिले में जीएसटी विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा, कपड़ा दुकानों से लेकर होटल और ज्वैलरी कारोबार तक कार्रवाई से व्यापारिक हलकों में हलचल
मुंगेली। जिले में जीएसटी नियमों के पालन को लेकर राज्य कर संभाग बिलासपुर के अंतर्गत जीएसटी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कर चोरी और बिना उचित बिल के कारोबार किए जाने की आशंकाओं के बीच विभाग द्वारा विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कपड़ा दुकानों, होटल संचालकों और ज्वैलरी शॉप सहित अन्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए जीएसटी प्रावधानों के तहत राशि जमा कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, कुछ व्यवसायों में कच्चे बिल के माध्यम से लेनदेन किए जाने और कर संबंधी नियमों के पालन में अनियमितताओं की शिकायतों के मद्देनजर विभाग सक्रिय है। इसी क्रम में संबंधित प्रतिष्ठानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विभाग की लगातार सक्रियता से व्यापारिक क्षेत्र में हलचल देखी जा रही है।
कर नियमों के पालन पर विभाग की नजर
जीएसटी व्यवस्था के अंतर्गत प्रत्येक पात्र व्यवसायी के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार बिल जारी करना और कर संबंधी दायित्वों का निर्वहन करना आवश्यक है। ऐसे में यदि किसी प्रतिष्ठान में कर चोरी या बिलिंग में अनियमितता पाई जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। विभाग की इस पहल का उद्देश्य कर व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और राजस्व की संभावित हानि को रोकना है।



