Home छत्तीसगढ़ बस हादसे में मृत यात्रियों के घर-घर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी...

बस हादसे में मृत यात्रियों के घर-घर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि  

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

एमसीबी : बस हादसे में मृत यात्रियों के घर-घर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

 

 

 

 

 

शोकाकुल परिजनों से मिलकर व्यक्त की संवेदना, प्रत्येक मृतक परिवार को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की

दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया जायजा, तीन सड़कों के मुरमीकरण और बिहारपुर सीएचसी के लिए नई एंबुलेंस की घोषणा

एमसीबी/23 अक्टूबर 2026

मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर पहाड़हंसवाही के पास हुए दर्दनाक बस हादसे में छह यात्रियों की मृत्यु से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के घर-घर जाकर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख जताया।

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने हादसे में जान गंवाने वाले छह यात्रियों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मृतकों में ग्राम रोझी (पवई बहरा) के पंचराम (65 वर्ष), मधु एवं पूर्णिमा उर्फ नेहा, ग्राम कछौड़ (गुडरूपारा) की संगीता, ग्राम मनवारी के सिपाहीलाल तथा केवटी (भालूडांड) की सुकारो शामिल हैं। मंत्री ने सभी मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अतिरिक्त ग्राम रोझी निवासी सुक्रीता, पति अमरसाय, को भी 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी गई।

मुख्यमंत्री की ओर से प्रत्येक मृतक परिवार को 5-5 लाख रुपये की सहायता

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक यात्री के परिवार को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान किया जाएगा। इस सहायता से प्रभावित परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने व्यक्त की गहरी संवेदना

मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने उन्हें पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने तथा शासन की ओर से हरसंभव सहयोग का संदेश देने के लिए कहा है।

मंत्री ने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि अपनों को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। यह परिवारों के लिए अत्यंत कठिन समय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन और प्रशासन इस दुख की घड़ी में उनके साथ हैं तथा जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया जायजा

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पहाड़हंसवाही के पास बस दुर्घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दुर्घटना से प्रभावित क्षेत्र का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी ली। इस दौरान सड़क की स्थिति और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता बरतने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

तीन सड़कों के मुरमीकरण और बिहारपुर सीएचसी के लिए नई एंबुलेंस की घोषणा

दुर्घटना के बाद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तीन सड़कों के मुरमीकरण कार्य को स्वीकृत कराने के लिए निर्देशित किया। साथ ही केल्हारी से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित बिहारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की।

नई एंबुलेंस की उपलब्धता से क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी। सड़क सुधार और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

इस दौरान कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, पूर्व संसदीय सचिव श्रीमती चंपादेवी पावले, अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता डोगरे, एसडीएम श्री शशि शेखर मिश्रा, श्रीमती इंदिरा मिश्रा, सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली सिंह, मंडल अध्यक्ष धीरज मौर्य, पूर्व जनपद सदस्य दृगपाल सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।