Home छत्तीसगढ़ सरगुजा ओलंपिक में ग्रामीण प्रतिभाओं का दिखेगा दम, 88 हजार खिलाड़ियों ने...

सरगुजा ओलंपिक में ग्रामीण प्रतिभाओं का दिखेगा दम, 88 हजार खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन  

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : सरगुजा ओलंपिक में ग्रामीण प्रतिभाओं का दिखेगा दम, 88 हजार खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

 

 

 

 

 

गांधी स्टेडियम में तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता शुरू

सात विकासखंडों के 1800 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल कौशल; पहली बार फ्लड लाइट में होगा फुटबॉल मैच

रायपुर, 3 नवंबर 2026

 

छत्तीसगढ़ के गांवों और शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अब बड़ा मंच मिल रहा है। सरगुजा जिले में खेलों को जनभागीदारी से जोड़ने और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का मंगलवार को अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के सात विकासखंडों के करीब 1800 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। खास बात यह है कि सरगुजा के खेल इतिहास में पहली बार फ्लड लाइट की रोशनी में फुटबॉल मैच खेला जाएगा।

लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत जरूरी है। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ खेल भावना और नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरगुजा के खिलाड़ी संभाग, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

48 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों की एथलेटिक्स में रुचि

सरगुजा ओलंपिक के प्रति जिले में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। प्रतियोगिता के लिए 1 अगस्त से 15 सितंबर तक हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीयन में कुल 88,509 खिलाड़ियों ने नाम दर्ज कराया। इनमें 36,319 पुरुष और 52,190 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 48,626 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स के लिए पंजीयन कराया। यह आंकड़ा जिले में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और ग्रामीण प्रतिभाओं की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।

प्रतियोगिता के पहले दिन करीब 1000 जूनियर बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। फुटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती, कराटे, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और महिला रस्साकसी सहित 11 खेल विधाओं में मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 5 नवंबर तक किया जा रहा है। इसका शुभंकर श्गजरूश् बनाया गया है।

विकासखंड स्तर पर प्रदर्शन के बाद जिला स्तर तक पहुंचे खिलाड़ी

सरगुजा ओलंपिक के पहले चरण में 1 से 10 अक्टूबर तक जिले के सभी सात विकासखंडों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इनमें अम्बिकापुर, उदयपुर, बतौली, मैनपाट, लखनपुर, लुण्ड्रा और सीतापुर के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने उत्साह से भाग लिया। विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवागमन और भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।

व्यक्तिगत खेल में 2 हजार, टीम को 4 हजार रुपए का पुरस्कार

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। व्यक्तिगत खेलों में प्रथम स्थान पर 2 हजार, द्वितीय पर 1500 और तृतीय स्थान पर 1000 रुपए मिलेंगे। वहीं दलगत खेलों में प्रथम पुरस्कार 4 हजार, द्वितीय 3 हजार और तृतीय पुरस्कार 2 हजार रुपए निर्धारित किया गया है। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 15 से 20 नवंबर तक अम्बिकापुर में प्रस्तावित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता का संदेश श्खेले बार आघू आबो, सरगुजा के मान बढ़ाबोश् रखा गया है। शुभारंभ अवसर पर नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, भरत सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, सहायक संचालक खेल रामकुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।