Home छत्तीसगढ़ बिहान योजना से विनीता सिंह को मिला आत्मनिर्भरता का संबल, स्वरोजगार से...

बिहान योजना से विनीता सिंह को मिला आत्मनिर्भरता का संबल, स्वरोजगार से बनीं लखपति दीदी

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : बिहान योजना से विनीता सिंह को मिला आत्मनिर्भरता का संबल, स्वरोजगार से बनीं लखपति दीदी

 

 

 

 

 

15 हजार रुपये के ऋण से शुरू की छोटी दुकान, आज किराना बकरी पालन और सब्जी की खेती से मजबूत हुई आर्थिक स्थिति

समूह से मिले ऋण से व्यवसाय का किया विस्तार, बकरी पालन और सब्जी उत्पादन को बनाया आजीविका का जरिया

रायपुर 10 नवम्बर 2026

ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। योजना के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आर्थिक सहायता प्राप्त कर विभिन्न आजीविका गतिविधियों का संचालन कर रही हैं। इससे न केवल उनकी आय के साधन बढ़ रहे हैं, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हो रहा है। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मुटकी की श्रीमती विनीता सिंह ने भी बिहान योजना से जुड़कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया और आज लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं।

शक्ति महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी श्रीमती विनीता सिंह बताती हैं कि पहले उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। आय के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे समय में बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें स्वरोजगार शुरू करने का अवसर मिला। समूह के माध्यम से उन्होंने पहली बार 15 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया और गांव में एक छोटी दुकान शुरू की। दुकान संचालन से उन्हें आय का साधन मिला और परिवार की आर्थिक स्थिति में धीरे-धीरे सुधार आने लगा।

50 हजार रुपये के ऋण से बढ़ाया व्यवसाय, बकरी पालन से आय के नए अवसर

श्रीमती विनीता सिंह ने बताया कि दुकान संचालन से मिले अनुभव और समूह के सहयोग ने उन्हें व्यवसाय का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने समूह से 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग दुकान में सामान बढ़ाने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने में किया। साथ ही उन्होंने बकरी पालन का कार्य भी शुरू किया। इससे उनकी आजीविका के साधनों में वृद्धि हुई और परिवार को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिला। उन्होंने अपनी मेहनत और समूह से मिले सहयोग के माध्यम से स्वरोजगार गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाया।

सिंचाई साधन से मिली सुविधा, सब्जी की खेती को बनाया आजीविका का आधार

विनीता सिंह ने अपनी आर्थिक स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए कृषि गतिविधियों की ओर भी कदम बढ़ाया। उन्होंने बताया कि पानी की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण खेती एवं घरेलू आवश्यकताओं में परेशानी होती थी। इस समस्या को दूर करने के लिए उन्होंने बोर के निर्माण की पहल की। इसके बाद समूह के माध्यम से डेढ़ लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करवाकर बोर  कराया। पानी की सुविधा उपलब्ध होने से उन्होंने सब्जी-भाजी की खेती शुरू की।

दुकान संचालन और बकरी पालन के साथ सब्जी उत्पादन को भी आजीविका का माध्यम बनाकर विनीता ने आय के विभिन्न स्रोत विकसित किए। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली।

आर्थिक तंगी से आत्मनिर्भरता तक का सफर, लखपति दीदी बनीं विनीता

बिहान योजना से जुड़ने के बाद विनीता सिंह के जीवन में  बदलाव आया है। पहले जहां सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब वे स्वयं की आजीविका गतिविधियों का संचालन कर रही हैं। छोटी दुकान से शुरू हुआ उनका स्वरोजगार आज किराना व्यवसाय, बकरी पालन और सब्जी की खेती तक विस्तारित हो चुका है।

विनीता बताती हैं कि समूह से समय-समय पर मिले ऋण और स्वयं की मेहनत से वे अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सफल हुई हैं। आज वे लखपति दीदी बन चुकी हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को निभाने में योगदान दे रही हैं। स्वरोजगार से मिली आर्थिक मजबूती ने उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है।

बिहान से बदली जिंदगी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जताया आभार

अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रीमती विनीता सिंह ने कहा, “बिहान योजना से जुड़कर मेरे घर-परिवार की स्थिति सुधर गई है। मैंने समूह से ऋण लेकर दुकान खोली, बकरी पालन किया और सब्जी-भाजी की खेती शुरू की। आज मैं लखपति दीदी बन चुकी हूं और अपने पैरों पर खड़ी हूं।”

श्रीमती विनीता सिंह ने आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समूहों से मिलने वाली वित्तीय सहायता महिलाओं को छोटे व्यवसाय शुरू करने और उनका विस्तार करने में सहयोग प्रदान कर रही है