Home छत्तीसगढ़ विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को ओ.एन.ओ.एस के माध्यम से 13 हजार शोध पत्रिकाओं...

विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को ओ.एन.ओ.एस के माध्यम से 13 हजार शोध पत्रिकाओं तक मिली पहुँच

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को ओ.एन.ओ.एस के माध्यम से 13 हजार शोध पत्रिकाओं तक मिली पहुँच

 

 

 

 

 

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

रायपुर, 13 नवंबर 2026

 

इन्फॉर्मेशन लाइब्रेरी नेटवर्क सेंटर, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (नई दिल्ली) और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में देश के पूर्वी क्षेत्र के राज्यों के लिए वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ONOS) पर एक दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आज कृषि महाविद्यालय, रायपुर के सभागार में किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. गिरीश चंदेल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन पहल के उद्देश्यों, प्रमुख विशेषताओं, उपलब्धता तथा इसके प्रभावी उपयोग के संबंध में प्रतिभागियों को जागरूक करना था। भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई इस पहल के माध्यम से केंद्रीकृत सदस्यता व्यवस्था के अंतर्गत देशभर के पात्र उच्च शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों को शोध प्रकाशनों एवं अकादमिक पत्रिकाओं तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान की गुणवत्ता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन योजना प्रारंभ की गई है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 25 नवंबर 2024 को इसे स्वीकृति प्रदान की तथा इसका क्रियान्वयन 1 जनवरी 2025 से प्रारंभ हुआ। योजना के प्रथम चरण (2025-2027) के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत देश के पात्र उच्च शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों को 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों की 13,000 से अधिक प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं तक एकीकृत डिजिटल पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना का क्रियान्वयन शिक्षा मंत्रालय के माध्यम से इन्फॉर्मेशन लाइब्रेरी नेटवर्क सेंटर, यू.जी.सी. द्वारा किया जा रहा है।

शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए डाॅ. गिरीश चंदेल ने कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय जैसे कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के लिए यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों को कृषि विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, फसल सुधार, पादप संरक्षण, जलवायु परिवर्तन एवं टिकाऊ कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवीनतम अंतरराष्ट्रीय शोध एवं वैज्ञानिक जानकारी तक पहुंच मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. शोधार्थियों के शोध कार्य की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ सहयोग एवं बहुविषयक अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में ओ.एन.ओ.एस योजना के प्रभारी डाॅ. एस.के.त्रिपाठी ने इस योजना का महत्व बताते हुए कहा कि ओ.एन.ओ.एस योजना कृषि अनुसंधान एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक ज्ञान और नवीनतम वैज्ञानिक शोध तक पहुंच उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। इसका प्रभावी उपयोग इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शोध की गुणवत्ता, नवाचार, अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग तथा कृषि तकनीकी विकास को नई दिशा प्रदान कर सकता है। विश्वविद्यालय में ओ.एन.ओ.एसयोजना के अधिकतम उपयोग के लिए इसके पंजीकरण एवं क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नेहरू पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डाॅ. उदय कुमार वट्टी ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रतिपादित की।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ओ.एन.ओ.एस की कार्यप्रणाली, इसकी पहुंच एवं उपयोग की सुविधाओं, विभिन्न विशेषताओं के व्यावहारिक उपयोग तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित समस्याओं एवं चुनौतियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य शोध एवं शैक्षणिक सूचना संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उनकी उपलब्धता एवं पहुंच में सुधार करने तथा शिक्षण, अध्ययन एवं अनुसंधान गतिविधियों में ओ.एन.ओ.एस के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना है।

इस आयोजन में विशिष्ट अतिथि कृषि महाविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे, संचालक, अनुसंधान सेवाएँ डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी, संचालक, विस्तार सेवाएँ डॉ. एस. एस. टुटेजा, अधिष्ठाता, खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, रायपुर डॉ. एस. एस. सेंगर, संचालक, शिक्षण डॉ. विजय कुमार, संचालक, प्रक्षेत्र डॉ. एन. के. रस्तोगी, अधिष्ठाता, कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी तथा अनुसंधान महाविद्यालय, रायपुर डॉ. वी. एम. विक्टर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित थे।