मुंगेली कलेक्टर बंगले के सामने डिवाइडर कटिंग बना ‘काल’…आए दिन हो रहे हादसे…बंद करने की मांग…
मुंगेली/ मुंगेली के सबसे व्यस्त और वीआईपी इलाकों में शुमार बिलासपुर रोड स्थित कलेक्टर बंगले के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर की गई डिवाइडर कटिंग अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। इस अव्यवस्थित कट के कारण मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से जनहित में इस डिवाइडर कटिंग को तत्काल बंद कर स्थायी डिवाइडर बनाने की मांग की है।
तेज रफ्तार और अचानक मुड़ने वाले वाहनों से बढ़ रहा खतरा…
मुख्य मार्ग होने के कारण इस सड़क पर दिनभर भारी वाहनों, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की तेज आवाजाही बनी रहती है। कलेक्टर बंगले के सामने डिवाइडर में बने इस कट से वाहन चालक बिना देखे अचानक सड़क पार करने का प्रयास करते हैं। तेज रफ्तार से आ रहे वाहनों को अचानक मुड़ने वाले वाहनों का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा जाते हैं। अब तक इस स्थान पर कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई राहगीर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
प्रशासनिक अनदेखी से बढ़ी परेशानी…
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग कलेक्टर निवास के ठीक सामने है, इसके बावजूद इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आपको बता दें कि कलेक्टर बंगले के पीछे बड़ी कालोनी हैं जिसके कारण भी बहुत अधिक संख्या में यहाँ लोगों का इसी डिवाइडर कटिंग से आना जाना होता हैं जो कि सभी के लिए खतरनाक हैं।
स्थायी डिवाइडर निर्माण की मांग…
शहरवासियों और नियमित रूप से इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों ने जिला प्रशासन व संबंधित विभाग से मांग की है कि किसी बड़ी अनहोनी से पहले इस खतरनाक डिवाइडर कटिंग को तत्काल बंद कराया जाए और वहां पक्का डिवाइडर बनाया जाए, ताकि यातायात सुगम हो सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।



