रायपुर : धौरपुर-डूमरडीह मार्ग के घाटी क्षेत्र में 150 मीटर सीसी सड़क का निर्माण पूर्ण, क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी राहत
वर्षा जल के बहाव से बार-बार क्षतिग्रस्त होने वाली सड़क की समस्या का हुआ समाधान
मजबूत और टिकाऊ सड़क से सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की मिलेगी सुविधा
रायपुर, 14 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने और आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के धौरपुर-डूमरडीह मार्ग के संवेदनशील घाटी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा 150 मीटर लंबी सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। नवनिर्मित सड़क से क्षेत्रवासियों एवं राहगीरों को बड़ी राहत मिली है।
धौरपुर-डूमरडीह मार्ग का घाटी क्षेत्र आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पूर्व में पहाड़ी से वर्षा जल के लगातार बहाव एवं समुचित जल निकासी के अभाव में इस मार्ग की डामरीकृत सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती थी। सड़क उखड़ने और गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वहीं, सड़क के बार-बार क्षतिग्रस्त होने से विभाग को भी रखरखाव में परेशानी होती थी।
सीसी सड़क निर्माण से मार्ग को मिली मजबूती
लोक निर्माण विभाग ने नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए घाटी क्षेत्र के 150 मीटर लंबे हिस्से में डामरीकरण के स्थान पर सीमेंट कंक्रीट सड़क के निर्माण का निर्णय लिया। विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सीसी सड़क के निर्माण से मार्ग की मजबूती और टिकाऊपन में वृद्धि हुई है। इससे वर्षा जल के बहाव के कारण सड़क के बार-बार क्षतिग्रस्त होने की समस्या में कमी आएगी और वर्षभर सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत हो रही सड़क कनेक्टिविटी
राज्य शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क विकसित करने के साथ ही पुराने मार्गों के सुधार एवं उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए टिकाऊ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क अधोसंरचना का विकास विभाग की प्राथमिकता है। धौरपुर-डूमरडीह मार्ग के घाटी क्षेत्र में सीसी सड़क का निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ ही सड़क के रखरखाव में भी सहूलियत होगी।



