सुकमा : बस्तर की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, गांव-गांव से शुरू होगा हुनर को निखारने का सफर
‘बस्तर ओलंपिक’ के जरिए युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं को खेलों से जोड़ने प्रशासन की पहल
16 से 19 नवंबर तक विभिन्न सेक्टरों में होंगे प्रारंभिक मुकाबले
सुकमा, 15 नवम्बर 2026
बस्तर की माटी में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान, प्रोत्साहन और बेहतर मंच देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘बस्तर ओलंपिक 2026-27’ का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अमितकुमार के निर्देशन और जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में ‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह खेल महाकुंभ ग्रामीण अंचलों के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देना तथा क्षेत्र में शांति, विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। विशेष रूप से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, जिन्हें अब तक पर्याप्त मंच नहीं मिल पाया है।
प्रतियोगिता का आयोजन क्लस्टर, विकासखंड और जिला स्तर पर किया जा रहा है, ताकि गांवों की प्रतिभाएं क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ते हुए बड़े मंच तक पहुंच सकें। 16 से 19 नवंबर तक विभिन्न सेक्टरों में प्रारंभिक मुकाबले, 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं तथा 26 एवं 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम और पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय स्पर्धाएं आयोजित होंगी। जूनियर एवं सीनियर वर्ग में एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। इस आयोजन में ग्रामीण युवाओं को अपनी क्षमता साबित करने के साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर मिलेगा।
बस्तर ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचलों में नई संभावनाओं और विकास की सोच को मजबूत करने का माध्यम भी है। जब गांवों के युवा खेल मैदानों से जुड़ेंगे, तो उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में सकारात्मक बदलाव की नई राह खुलेगी। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सुकमा के दूरस्थ गांवों तक खेल गतिविधियों का विस्तार हो तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आगे चलकर संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिले। खेलों के माध्यम से युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की यह पहल बस्तर की प्रतिभा, संस्कृति और सामूहिक पहचान को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



