Home छत्तीसगढ़ रामसर साइट के रूप में विकसित होगा भखारा का आमा तालाब, विशेषज्ञों...

रामसर साइट के रूप में विकसित होगा भखारा का आमा तालाब, विशेषज्ञों की टीम ने किया निरीक्षण

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : रामसर साइट के रूप में विकसित होगा भखारा का आमा तालाब, विशेषज्ञों की टीम ने किया निरीक्षण

 

 

 

 

 

विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की पहल से आर्द्रभूमि संरक्षण एवं प्रवासी पक्षियों के संवर्धन की दिशा में बढ़ा कदम

रायपुर, 28 नवंबर 2026

 

धमतरी जिले के भखारा स्थित आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित एवं नामांकित करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री अजय चंद्राकर और कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की पहल पर भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई), प्रयागराज तथा छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण के विशेषज्ञों की टीम ने तालाब का निरीक्षण कर इसकी पर्यावरणीय एवं जैविक संभावनाओं का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने आमा तालाब की प्राकृतिक संरचना, जैव विविधता, जलीय पारिस्थितिकी, प्रवासी पक्षियों के आगमन और उनके अनुकूल पर्यावास की संभावनाओं का बारीकी से अध्ययन किया। निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद संरक्षण एवं विकास संबंधी प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित करने की पहल का उद्देश्य इसे महज जलस्रोत नहीं, बल्कि जैव विविधता संरक्षण और प्रवासी पक्षियों के महत्वपूर्ण आश्रय स्थल के रूप में स्थापित करना है। इस दिशा में सफलता मिलने पर तालाब को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण तथा पर्यटन विकास की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

रामसर संरक्षण में छत्तीसगढ़ की बढ़ती पहचान

छत्तीसगढ़ का कोपरा जलाशय प्रदेश का पहला रामसर स्थल घोषित हो चुका है। आर्द्रभूमियों के संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए प्रदेश में 500 से अधिक वेटलैंड मित्र तैयार किए गए हैं। वहीं, 2.25 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल वाले 11,098 वेटलैंड का ग्राउंड ट्रुथिंग एवं सीमा निर्धारण कर छत्तीसगढ़ ने इस कार्य में देश में अग्रणी स्थान हासिल किया है।

जैव विविधता और वेटलैंड संरक्षण को लेकर विधायकों के लिए नवा रायपुर स्थित वन मुख्यालय में कार्यशाला भी आयोजित की जा चुकी है। प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश की 20 आर्द्रभूमियों को रामसर स्थल के रूप में नामांकित कराने का लक्ष्य रखा है। कोपरा जलाशय के बाद छिंदारी, पैलीमेटा और नीमगांव जलाशय सहित अन्य संभावित स्थलों को भी इस दिशा में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण से क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान

विधायक श्री चंद्राकर ने बताया कि आमा तालाब का संरक्षण और इसे रामसर साइट के रूप में विकसित करने की पहल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इससे आने वाली पीढ़ियों को समृद्ध जैव विविधता और बेहतर पर्यावरण का लाभ मिलेगा।

निरीक्षण दल में भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण, प्रयागराज की डॉ. विनय रंजन के नेतृत्व में बी. लक्ष्मणुडु तथा छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण की श्रीमती अनीता हरमुख सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित करने की यह पहल जिले में पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन विकास की संभावनाओं को भी नई दिशा दे सकती है।