Home क्षेत्रीय खबरें / अन्य खबरें बीजेपी नेता के डेयरी फार्म में एक दर्जन से ज्यादा गायों की...

बीजेपी नेता के डेयरी फार्म में एक दर्जन से ज्यादा गायों की मौत, जांच के आदेश

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

मध्य प्रदेश के देवास जिले से करीब 15 किलोमीटर दूर रबादिया गांव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता के डेयरी फार्म में एक दर्जन से ज्यादा गायों की मौत हो गई. कथित लापरवाही के कारण गायों की हुई मौत को लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं.

देवास नगर निगम ने बीते दिनों (मंगलवार और बुधवार) को डेयरी फार्म का निरीक्षण किया जहां बाउंड्री के अंदर एक दर्जन से ज्यादा मरी हुई गायें मिलीं. यह डेयरी फार्म बीजेपी नेता वरुण अग्रवाल का है. इसके अलावा इस डेयरी फार्म में कई दर्जन गायें दलदल में क्षीण अवस्था में भी पाई गईं.

बता दें कि 15 अगस्त 2019 को वरुण को जिला प्रशासन की ओर से लावारिश गायों की देखभाल के लिए अवॉर्ड से सम्मानित किया था. देवास नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, मामला तब सामने आया जब एक शिकायत पर डेयरी फार्म का निरीक्षण किया गया. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इस डेयरी फार्म में गायों को ठीक तरह से सुविधा नहीं मिल रही है.

बता दें कि देवास नगर निगम पिछले कई महीनों से लावारिश गायों को इस डेयरी फार्म में भेज रहा था. वहीं सोमवार को नूतन नगर इलाके से दो और गायों को इस डेयरी फार्म में भेजा गया, जो गड्ढे में पड़ी मिली थी. हालांकि, बाद में पता चला कि ये दोनों गाय अंबारम नाम के किसी शख्स का है. जब अंबारम डेयरी फार्म में अपने मवेशियों को छुड़ाने गए तो वहां गायों की बदहाली देखी. इसके बाद अंबारम ने नगर निगम के अधिकारियों से इसकी शिकायत की और कार्रवाई की मांग की.

डेयरी फार्म के निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने पाया गायों की ठीक से देखरेख नहीं की जा रही है. ऐसी संभावना है कि बीमा के पैसों के लिए गायों को ठीक से ट्रीट नहीं किया जा रहा है. निरीक्षण दल के नगरपालिका कर्मचारी ने कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी. इसके अलावा इस मामले को लेकर जिला अधिकारियों को अवगत कराया गया.

जिला कलेक्टर डॉ. श्रीकांत पांडेय ने पुष्टि करते हुए कहा कि राज्य सरकार से मजिस्ट्रियल जांच के लिए निर्देश मिले हैं. उन्होंने कहा कि सब डिविजनल मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी इस मामले में जांच को संचालित करेंगे.

एक जारी विज्ञप्ति में मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने विपक्षी बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी ने गायों को लेकर सिर्फ राजनीति की है, गायों के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया. विज्ञप्ति में कहा गया कि एक ओर कांग्रेस सरकार राज्य में 1000 गौशालाएं स्थापित करने का काम कर रही है, वहीं दूसरी बीजेपी नेताओं द्वारा चलाए जा रहे फार्म हाउस और गौशालाओं में लापरवाही बरती जा रही है.