Home विदेश इंडोनेशिया में 6.4 तीव्रता का भूकंप, याद आ गया सितम्बर का सितम…

इंडोनेशिया में 6.4 तीव्रता का भूकंप, याद आ गया सितम्बर का सितम…

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मलूकू में रविवार तड़के करीब 2ः53 बजे भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई। लोगों को पिछले साल सितम्बर में भूकंप और सुनामी से हुई तबाही का भयावह मंजर याद आ गया। ताजा भूकंप के बाद फिलहाल सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम और भूगर्भीय एजेंसी ने कहा है कि यह झटके स्थानीय समयानुसार तड़के 2ः53 बजे महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी में कहीं से भी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप का केंद्र मलूकू प्रांत के तेंगारा बरत जिले से 165 किलोमीटर दूर पश्चमोत्तर समुद्र तल से 11 किलोमीटर की गहराई तल में था।

भू-गर्भ विज्ञानियों का कहना है कि इंडोनेशिया में भूकंप के झटके आते रहते हैं। यह ‘प्रशांत रिंग ऑफ फायर’ (एक कमजोर और भूकंप प्रभावित क्षेत्र) पर स्थित है।इंडोनेशिया में पिछले साल सितंबर के आखिर में आए भूकंप में जानमाल की भारी क्षति हुई थी।

30 सितम्बर 2018 को इंडोनेशिया के सुलावेसी प्रांत में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.5 आंकी गई थी। भूकंप के बाद आई सुनामी ने हजारों लोगों को बेघर कर दिया था। आधिकारिक तौर पर कुछ ही घंटों में 800 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई थी। भूकंप और सुनामी से तटीय शहर डोंगाला और पालू शहर हिल गए थे। दोनों स्थानों पर सबसे ज्यादा तबाही हुई थी।