Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में उत्तर से आई ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, 24 घंटे...

छत्तीसगढ़ में उत्तर से आई ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, 24 घंटे में 1 से 6 डिग्री तक गिरा पारा…

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

उत्तर के पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में ठिठुरन बढ़ा दी है। हवाओं के प्रभाव से पिछले दो दिनों से प्रदेश के तापमान में गिरावट जारी है। बीते 24 घंटे में प्रदेश का न्यूनतम तापमान एक से चार डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ। इसकी वजह से सरगुजा और बिलासपुर संभागों में तीखी शीतलहर लौट आई है।

मौसम विज्ञान केंद्र से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक सरगुजा संभाग का जशपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। कृषि विज्ञान केंद्र जशपुर में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहां बुधवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज हुआ था। कोरिया जिले के सलका में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री था लेकिन गुरुवार को यह 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बलरामपुर का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस है। सरगुजा के मुख्यालय अम्बिकापुर में 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह जनवरी के सामान्य तापमान से बहुत कम है।

सरगुजा संभाग के बाहर पेण्ड्रा रोड का तापमान ही 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। वहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह वहां के सामान्य तापमान 11.2 डिग्री से 2.8 डिग्री कम है। बीते 24 घंटाें में वहां के तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है। बिलासपुर और राजनांदगांव का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। लेकिन दोनों के बीच दुर्ग का तापमान 10.4 है। बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस था।

बस्तर संभाग के जिलों के तापमान में मामूली बदलाव हुआ है। संभाग मुख्यालय जगदलपुर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बुधवार को यह 14.3 डिग्री था। कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को यह 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के एचपी चंद्रा ने बताया, उत्तर से आ रही ठंढी और शुष्क हवाओं से प्रदेश के तापमान में गिरावट आ रही है। हालांकि बस्तर संभाग के जिलों पर इस हवा का असर कम है। शहरों का तापमान सामान्य के आसपास आ गया है। सरगुजा संभाग में शीतलहर जैसी स्थिति है। वहां मध्यम से घने स्तर तक के कोहरे का असर भी दिखेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि एक-दो दिन ठंढ बढ़ेगी।

राजधानी में पहले से ठंढी हुई रात लेकिन सामान्य से अभी भी गर्म

बीते दो दिनों के बदलाव से राजधानी रायपुर में रात पिछले सप्ताह की तुलना में ठंढी हुई है। आज सुबह भी ठिठुरन बनी रही। लेकिन यह यहां के सामान्य तापमान से अधिक ही है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र की वेधशाला में तापमान न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री मापा गया।

यह बुधवार से 1.6 डिग्री कम है। माना हवाई अड्‌डे पर न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री और लाभांडी में 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह रायपुर के सामान्य तापमान से अधिक गर्म है। जनवरी में रायपुर का सामान्य न्यूनतम तापमान 13.1 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के बीच ही है।