बारिश की बूंदें कभी गोदावरी के परिवार के लिए खुशी नहीं, बल्कि चिंता लेकर आती थीं। कच्ची दीवारों और टपकती छत वाले घर में रहने के दौरान हर बरसात में उन्हें सामान बचाने और बच्चों को पानी से दूर रखने की चिंता सताती थी। सर्दियों में ठंड से बचना भी किसी चुनौती से कम नहीं था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना वर्षों से उनके लिए एक सपना बना हुआ था।
लेकिन अब हालात बदल गए हैं। मुंगेली जिले के फरहदा की रहने वाली गोदावरी का परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत मिले पक्के मकान में सुरक्षित और सुकून भरी जिंदगी जी रहा है। वर्ष 2025-26 में योजना के तहत उनके परिवार को आवास की स्वीकृति मिली और निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए की स्वीकृत राशि ने उनके वर्षों पुराने सपने को पूरा करने की राह आसान कर दी।
सरकारी योजना बनी सपने का सहारा
गोदावरी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं। सीमित आमदनी के कारण परिवार के लिए पक्का मकान बनाना संभव नहीं था। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर आई। योजना के तहत पात्रता के आधार पर उनका चयन हुआ और पक्के आवास के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई।
आवास की स्वीकृति मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। धीरे-धीरे निर्माण कार्य आगे बढ़ा और वह दिन भी आया जब वर्षों से देखा जा रहा पक्के आशियाने का सपना हकीकत में बदल गया।
अब बारिश में छत टपकने का डर नहीं
पक्का मकान मिलने के बाद गोदावरी के परिवार की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। जिस बारिश का इंतजार पहले डर के साथ होता था, अब वही बारिश उनके लिए राहत और खुशी लेकर आती है। अब न छत टपकने की चिंता है, न कच्ची दीवारों के कमजोर पड़ने का डर।
पक्का घर परिवार को केवल मजबूत छत नहीं दे रहा, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का भरोसा भी दे रहा है। बदलते मौसम के बीच परिवार अब खुद को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित महसूस करता है।
यह सिर्फ मकान नहीं, हमारे बेहतर भविष्य की नींव है
गोदावरी के लिए यह घर सरकारी योजना का महज एक लाभ नहीं है। यह उनके परिवार की जिंदगी में आए उस बदलाव की कहानी है, जिसमें कच्चे घर की परेशानी की जगह पक्के आशियाने का सुकून और अनिश्चितता की जगह सुरक्षित भविष्य की उम्मीद ने ले ली है।


