रायपुर : खरसिया को आधुनिक तहसील भवन की सौगात, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने किया लोकार्पण
2.75 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ संयुक्त तहसील भवन, एक ही परिसर में मिलेंगी राजस्व, न्यायालय, निर्वाचन और नागरिक सेवाएं
खरसिया के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की व्यवस्था कराने की घोषणा
रायपुर, 27 अगस्त 2026
खरसिया के नागरिकों को आधुनिक और सुव्यवस्थित प्रशासनिक सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली है। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने बुधवार को खरसिया में नवनिर्मित संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत परिसर में अशोक का पौधा भी रोपा।
लगभग 2 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से निर्मित दो मंजिला संयुक्त तहसील भवन में तहसील प्रशासन से जुड़े विभिन्न कार्यालय, न्यायालय कक्ष और नागरिक सेवाओं की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे खरसिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
*एक परिसर में मिलेंगी अनेक प्रशासनिक सेवाएं*
नए भवन में एसडीएम एवं तहसीलदार न्यायालय व कार्यालय, नायब तहसीलदार कक्ष, कानूनगो शाखा, भू-अर्जन शाखा, निर्वाचन शाखा, भुइयां शाखा, अभिलेखागार, केंद्रीय रिकॉर्ड रूम, सेवा सेतु/लोक सेवा केंद्र, ट्रेजरी कार्यालय, सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, खाद्य निरीक्षक एवं आपदा प्रबंधन कक्ष जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
भवन में मीटिंग हॉल, निर्वाचन स्ट्रांग रूम, ट्रेजरी स्ट्रांग रूम तथा अधिवक्ताओं के लिए पृथक कक्ष की व्यवस्था भी की गई है। दिव्यांगजनों के लिए रैम्प तथा महिला एवं पुरुष प्रसाधन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे ने बताया कि नए भवन के निर्माण से हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
*जनता के जीवन में बदलाव लाने वाले कार्य सरकार की प्राथमिकता*
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि ऐसे विकास कार्य करना है, जिनसे जनता के जीवन में वास्तविक बदलाव आए। उन्होंने कहा कि खरसिया में विकास कार्यों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
वित्त मंत्री ने खरसिया क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की व्यवस्था/स्वीकृति कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर प्राथमिकता वाले कार्य तय किए जाएंगे, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए खरसिया में विकास को नई गति दी जा सके।
उन्होंने खरसिया के निर्माणाधीन आरओबी को महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि लगभग 67 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे आरओबी का निर्माण पूर्ण कराकर जनता को इसका लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दों पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर जनहित में काम करने की आवश्यकता है।
वित्त मंत्री ने नगरपालिका द्वारा किए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, यूथ कॉम्प्लेक्स सहित अन्य विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कुसमुरा में निर्माणाधीन कॉलेज भवन का कार्य पूर्ण कराकर शीघ्र लोकार्पण कराने की बात भी कही।
रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने नए तहसील भवन के लिए वित्त मंत्री एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खरसिया में आम नागरिकों के लिए आधुनिक और व्यवस्थित तहसील कार्यालय की उपलब्धता महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नए भवन से लोगों के प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी कार्य अधिक सुगमता से होंगे तथा उन्हें बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवीन्द्र गबेल ने क्षेत्रवासियों की ओर से नए तहसील भवन के लोकार्पण पर आभार व्यक्त किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल गर्ग ने इसे खरसिया के लिए उत्सव का दिन बताते हुए कहा कि नए भवन से वर्षों से चली आ रही प्रशासनिक कार्यालय की असुविधाएं दूर होंगी। उन्होंने आरओबी, नालंदा परिसर, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और यूथ कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया।
*अधिवक्ता संघ ने किया वित्त मंत्री का स्वागत*
खरसिया अधिवक्ता संघ द्वारा वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी का स्वागत किया गया। संघ ने कहा कि आधुनिक एवं सुव्यवस्थित तहसील भवन से अधिवक्ताओं के साथ-साथ राजस्व एवं न्यायालयीन कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। संघ ने भवन निर्माण के लिए वित्त मंत्री एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी दिलीप राठिया, सहित जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।


