उत्तर बस्तर कांकेर : ग्राम फुलपाड़ में 12 वर्षीय बालक की मृत्यु के संबंध में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया स्वास्थ्य परीक्षण एवं अन्य समस्याओं की ली जानकारी
उत्तर बस्तर कांकेर, 30 अगस्त 2026
अंतागढ़ विकास खण्ड के ग्राम फुलपाड़ के 12 वर्षीय बालक की मृत्यु संबंधी खबर पर तत्त्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री कुंदन कुमार द्वारा स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को मौके पर पहुंच कर प्रभावित परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए गए । जिसके पालन में आज
स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम द्वारा ग्राम का भ्रमण किया गया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंतागढ़ श्री राहुल रजक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर,, तहसीलदार अंतागढ़ श्री वीरेंद्र नेताम एवं खंड चिकित्सा अधिकारी अंतागढ़ डॉ. बी.के. रामटेके सहित टीम ने मृतक बालक हेमराज कुमेटी के परिजनों एवं ग्रामवासियों से जानकारी ली। इस दौरान स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के साथ मलेरिया की जांच की गई, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी देने के साथ आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस एवं 112 नंबर पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ का आपातकालीन संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया गया।
इसके अलावा रावघाट प्रबंधन समिति के प्रतिनिधियों से चर्चा कर स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन स्थिति में त्वरित उपचार एवं आवश्यकतानुसार एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



