Home छत्तीसगढ़ महिला सशक्तिकरण और समाज निर्माण का संदेश देगा प्रांतीय महिला शिक्षक सम्मेलन

महिला सशक्तिकरण और समाज निर्माण का संदेश देगा प्रांतीय महिला शिक्षक सम्मेलन

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

महिला सशक्तिकरण और समाज निर्माण का संदेश देगा प्रांतीय महिला शिक्षक सम्मेलन

 

*19 एवं 20 सितंबर को महासमुंद में होगा आयोजन, मुंगेली जिले से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं होंगी शामिल*

 

मुंगेली—- छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के तत्वावधान में “नारी जागरण, सशक्तिकरण एवं समाज निर्माण” के उद्देश्य से प्रांतीय स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन का आयोजन 19 एवं 20 सितंबर 2026 को महासमुंद में किया जाएगा। “सशक्त महिला, सशक्त समाज” की थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर की महिला शिक्षिकाएं सहभागिता करेंगी। सम्मेलन का आयोजन आईआर रिजॉर्ट, भलेसर मार्ग, महासमुंद में होगा।

सम्मेलन में मुंगेली जिले से भी बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल होकर जिले का गौरव बढ़ाएंगी। कार्यक्रम में प्रदेश में कार्यरत महिला शिक्षिकाओं द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि समापन अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े उपस्थित रहेंगी।

सम्मेलन में मुंगेली जिले से महिला शिक्षिका भगिनियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारियों ने कार्ययोजना पर चर्चा की। इस दौरान जिलाध्यक्ष अत्रि प्रताप सिंह, जिला सचिव संदीप पाण्डे, संगठन मंत्री नारायण दास भास्कर, संरक्षक अशोक सोनी, संयोजक रामपाल सिंह, आकाश परिहार, कोषाध्यक्ष सृष्टि शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रेखा देवांगन, लीना राठौड़, प्रीति सिंह, ललिता शर्मा, आरती गुप्ता तथा ब्लॉक अध्यक्ष हिमेश्वरी बंजारा सहित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रांतीय प्रवक्ता अत्रि प्रताप सिंह ने कहा कि महिला शिक्षिकाएं शिक्षा के साथ-साथ समाज निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके योगदान, समर्पण और दायित्व निर्वहन को सम्मान देने तथा महिला सशक्तिकरण के संदेश को समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने जिले की समस्त महिला शिक्षिका भगिनियों से अधिक से अधिक संख्या में महासमुंद पहुंचकर सम्मेलन में सहभागी बनने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सशक्त महिला ही सशक्त परिवार, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। यह सम्मेलन महिला शिक्षिकाओं के अनुभवों, विचारों और उपलब्धियों को साझा करने के साथ उन्हें नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करेगा।