रायपुर : मिट्टी बांध ने सहेजा बारिश का पानी, धान की रोपाई में किसानों को मिली राहत
विकसित भारत-जी राम जी योजना से जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को मिला संबल
रायपुर, 12 अक्टूबर 2026
बारिश में देरी हो तो धान की रोपाई प्रभावित होने की चिंता किसानों को सताती है। सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के ग्राम पंचायत चबदा में बना मिट्टी बांध इस चिंता को कम करने में मददगार साबित हुआ। बांध में संचित वर्षा जल से इस खरीफ सीजन में आसपास के किसानों को
रोपाई के समय पानी मिला और खेती का काम आसान हुआ।
ग्राम चबदा के किसान श्री राम सेवक कुर्रे बताते हैं कि पहले गांव में पानी रोकने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। खेती-किसानी बारिश पर निर्भर रहती थी और बारिश में देर होने पर रोपाई को लेकर चिंता बढ़ जाती थी। इस वर्ष मिट्टी बांध में जमा पानी जरूरत के समय खेतों के काम आया। इससे किसानों को धान की रोपाई के दौरान राहत मिली।
विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत निर्मित यह मिट्टी बांध बारिश के पानी को रोककर उसके उपयोग का अवसर देता है। जल संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने और आजीविका को संबल देने में सहायक हो रहे हैं।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा की कहानी में श्री कुर्रे कहते हैं कि जल संरक्षण के कार्य किसानों की मेहनत को सहारा देते हैं। चबदा का मिट्टी बांध इस वर्ष खरीफ सीजन में किसानों के लिए उपयोगी रहा और आने वाले समय में भी खेती के लिए वर्षा जल सहेजने में मदद करेगा।



