बोड़तरा कला सोसायटी में नियुक्ति को लेकर विवाद, कंप्यूटर ऑपरेटर की भर्ती पर उठे सवाल
बिना विज्ञापन और उच्च कार्यालय की अनुमति के नियुक्ति का आरोप, सहकारिता विभाग के अधिकारियों से जांच की मांग
समिति अध्यक्ष अपने रिश्तेदारों को नौकरी पर रखने का आरोप
मुंगेली/लोरमी। जिले के लोरमी तहसील अंतर्गत ग्राम बोड़तरा कला स्थित सेवा सहकारी समिति एवं नवीन उपार्जन केंद्र में कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। समिति में कथित अनियमित तरीके से कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति किए जाने का आरोप लगाते हुए दिलेश्वर कुमार ने संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक सहकारिता संस्थाएं संभाग बिलासपुर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि समिति के अध्यक्ष, प्रबंधक एवं सीईओ द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति बिना उच्च कार्यालय की अनुमति, बिना विज्ञापन जारी किए और बिना किसी सार्वजनिक भर्ती प्रक्रिया के कर दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि न तो पद के लिए विज्ञापन निकाला गया और न ही समिति में विधिवत मुनादी कराई गई। इसके बावजूद कथित तौर पर अपने रिश्तेदार को कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्त कर दिया गया।



