कोण्डागांव : राष्ट्रपति भवन में कोण्डागांव जिले के 38 कलाकारों को राष्ट्रपति से मुलाकात एवं संवाद का मिला अवसर
कोण्डागांव, 16 नवम्बर 2026
बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कला एवं शिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में कोण्डागांव जिले के लिए यह गौरवपूर्ण अवसर रहा, जब जिले के 38 कलाकारों को देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस विशेष अवसर पर सभी कलाकारों ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति जी के साथ भोजन भी किया। इस दौरान बस्तर की समृद्ध परंपराओं, जनजातीय संस्कृति एवं पारंपरिक शिल्पकलाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान कोण्डागांव के प्रसिद्ध शिल्पकार श्री तीजू राम विश्वकर्मा ने बस्तर की विशिष्ट लौह शिल्प (आयरन क्राफ्ट) एवं बेलमेटल शिल्पकला के बारे में अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार स्थानीय कारीगर पारंपरिक तकनीकों, पीढ़ियों से चले आ रहे अनुभव एवं कौशल के माध्यम से इन कलाकृतियों का निर्माण करते हैं। साथ ही इन शिल्पकलाओं में उपयोग होने वाली पारंपरिक निर्माण प्रक्रिया एवं उनकी सांस्कृतिक विशेषताओं से भी अवगत कराया।
यह अवसर कोण्डागांव जिले के सभी कलाकारों एवं शिल्पकारों के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय रहा। राष्ट्रपति भवन में बस्तर की जनजातीय कला, संस्कृति एवं पारंपरिक शिल्प को प्रस्तुत करने से न केवल स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन हुआ, बल्कि बस्तर की विशिष्ट पहचान को देशभर में नई पहचान दिलाने का अवसर भी मिला।
कोण्डागांव की पारंपरिक कला और बस्तर की जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।



