Home छत्तीसगढ़ वन मंत्री केदार कश्यप ने जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का किया...

वन मंत्री केदार कश्यप ने जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का किया भव्य शुभारंभ

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

नारायणपुर : वन मंत्री केदार कश्यप ने जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का किया भव्य शुभारंभ

 

 

 

 

 

खिलाडि़यों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने किया प्रोत्साहित

नारायणपुर, 17 नवंबर 2026

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिले में बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया जा रहा है। विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के बाद 17 एवं 18 नवंबर को जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का भव्य आयोजन नारायणपुर के क्रीड़ा परिसर खेल मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ आज वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाडि़यों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने बालक एवं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ हिस्सा लिया तथा अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। मैदान में खिलाडि़यों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। मुख्य अतिथि ने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने खिलाडि़यों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, एकता, आपसी सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का श्रेष्ठ माध्यम है। खेल हमें सिखाते हैं कि मेहनत, समर्पण और टीम भावना के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आगे बढ़ने और नई उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिलती है।

श्री कश्यप ने खिलाडि़यों से आह्वान किया कि वे खेल भावना के साथ मैदान में उतरें और पूरे उत्साह, अनुशासन एवं निष्ठा के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी का लक्ष्य केवल पदक जीतना ही नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से बेहतर व्यक्तित्व का निर्माण करना भी होना चाहिए। असली खिलाड़ी वही है, जो हार में भी मुस्कराए और जीत मिलने पर भी विनम्र बना रहे। उन्होंने खिलाडि़यों को खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत और लगन से नारायणपुर सहित पूरे प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे बालक एवं बालिका खिलाडि़यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, दौड़, रस्साकसी, फुटबॉल, तीरंदाजी सहित विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन खेलों में प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक दक्षता, कौशल, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से पारंपरिक खेलों को लेकर खिलाडि़यों में काफी उत्साह दिखाई दिया। प्रतियोगिताओं के दौरान मैदान में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाडि़यों का उत्साह बढ़ाया।

बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना, युवाओं में खेल के प्रति रुचि विकसित करना तथा खेलों के माध्यम से आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजन दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। साथ ही उन्हें जिला, संभाग और राज्य स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। बस्तर ओलंपिक के माध्यम से पारंपरिक खेलों को भी नई पहचान और प्रोत्साहन मिल रहा है।

दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न खेल विधाओं के प्रतिभागी अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए पूरे उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। खिलाडि़यों के प्रदर्शन, खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने आयोजन को खास बना दिया है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाडि़यों की पहचान कर उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रसाद बघेल, छोटेडोंगर सरपंच श्रीमती संध्या पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी उसेंडी, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इसके अलावा कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री सुनील कुमार सोनपिपरे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेंद्रनाथ पांडेय, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और खेलप्रेमी नागरिक मौजूद रहे।