Home छत्तीसगढ़ सेवा की कहानी : आयुष्मान भारत योजना से धामा बाई कोसरिया को...

सेवा की कहानी : आयुष्मान भारत योजना से धामा बाई कोसरिया को मिला निःशुल्क उपचार  

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : सेवा की कहानी : आयुष्मान भारत योजना से धामा बाई कोसरिया को मिला निःशुल्क उपचार

 

 

 

 

 

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में विशेष भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले के ग्राम पिलवापाली निवासी श्रीमती धामा बाई कोसरिया को योजना के अंतर्गत पैर के गंभीर घाव का निःशुल्क उपचार मिला, जिससे उन्हें दर्द एवं परेशानी से राहत मिली। जिले में अब तक 10 लाख 54 हजार 744 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 95.4 प्रतिशत है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में 31 हजार 283 आयुष्मान वय वंदन कार्ड भी बनाए गए हैं।

श्रीमती धामा बाई कोसरिया के पैर में गंभीर घाव होने के कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। घाव के कारण दर्द एवं असहजता बनी हुई थी। वहीं इलाज में होने वाले खर्च को लेकर परिवार भी चिंतित था। स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत उनका लगातार 6 दिनों तक निःशुल्क उपचार किया गया। इस दौरान उन्हें आवश्यक दवाइयां, ड्रेसिंग एवं चिकित्सकीय निगरानी उपलब्ध कराई गई। समुचित उपचार के बाद श्रीमती धामा बाई कोसरिया के पैर के घाव में काफी सुधार हुआ। दर्द एवं परेशानी में राहत मिलने के साथ उनकी सामान्य गतिविधियों में भी सुधार आया। योजना के माध्यम से निःशुल्क उपचार मिलने से उनके परिवार को इलाज के आर्थिक बोझ से राहत मिली।

श्रीमती धामा बाई कोसरिया ने भावुक होकर कहा कि मेरे पैर में घाव होने के कारण मुझे काफी परेशानी हो रही थी। अस्पताल में छह दिनों तक भर्ती रहकर मेरा इलाज हुआ। आयुष्मान योजना के तहत मेरा उपचार निःशुल्क किया गया, जिससे मेरे परिवार पर इलाज का आर्थिक बोझ नहीं पड़ा। डॉक्टरों एवं अस्पताल के कर्मचारियों ने अच्छी देखभाल की। मैं आयुष्मान योजना के लिए बहुत आभारी हूं।

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना पात्र हितग्राहियों को योजना के प्रावधानों के अनुसार सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने में सहायक है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने तथा बीमारी के समय आर्थिक बोझ कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।