’नारायणपुर : ’अबूझमाड़ के तीन छात्रों का जेपी इंटरनेशनल स्कूल कांकेर में चयन, 12वीं तक निःशुल्क करेंगे पढ़ाई’
’मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उड़ान योजना के तहत मिला अवसर, बालक आश्रम तोके के छात्रों ने बढ़ाया जिले का मान’
’नारायणपुर, 19 अक्टूबर 2026
अबूझमाड़ के सुदूर वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उड़ान योजना (पूर्व नाम पंडित जवाहरलाल नेहरू उत्कर्ष योजना) के अंतर्गत शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए बालक आश्रम तोके, विकासखंड ओरछा के तीन विद्यार्थियों का चयन जेपी इंटरनेशनल स्कूल, कांकेर में हुआ है।
चयनित विद्यार्थियों में आलोक कुमेटी (ग्राम छोटेटोंडाबेड़ा), विराट सलाम (ग्राम कानागांव) और गोदू राम ध्रुव (ग्राम तोके) शामिल हैं। तीनों विद्यार्थी वर्तमान में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत हैं तथा अबूझमाड़िया विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह समुदाय से आते हैं। चयन परीक्षा में जिलेभर के पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया था। जिले से कुल चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें तीन विद्यार्थी बालक आश्रम तोके के हैं।
इस योजना के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इन विद्यार्थियों की पढ़ाई का संपूर्ण खर्च वहन किया जाएगा तथा वे कक्षा 12वीं तक निःशुल्क अध्ययन कर सकेंगे। योजना के अंतर्गत पूरे छत्तीसगढ़ से कुल 64 विद्यार्थियों का चयन उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों में किया गया है।
बालक आश्रम तोके का गौरव बढ़ा रहे विद्यार्थी
तीनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से बालक आश्रम तोके सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है। आश्रम अधीक्षक श्री बुधराम कुमेटी ने बताया कि संस्था द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। विगत कई वर्षों में बालक आश्रम तोके के 69 से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से जवाहर नवोदय विद्यालय, प्रयास आवासीय विद्यालय, गुरुकुल पब्लिक स्कूल, संस्कार सिटी इंटरनेशनल, एकलव्य आवासीय विद्यालय, जेपी इंटरनेशनल सहित विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश दिलाने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन और प्रोत्साहन मिलने पर वे भी बड़े शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
शासन-प्रशासन एवं शिक्षकों के प्रति जताया आभार
अपनी सफलता पर तीनों विद्यार्थियों ने कलेक्टर नम्रता जैन, सहायक आयुक्त तनुजा नाग, आश्रम अधीक्षक बुधराम कुमेटी, मंडल संयोजक वासुदेव भारद्वाज, अजय तिवारी तथा आश्रम के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर आश्रम अधीक्षक, प्रधान पाठक एवं समस्त शिक्षक-कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


