रायपुर : मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर भीषण बस दुर्घटना में 6 लोगों के निधन पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने जताया गहरा शोक
दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
रायपुर, 22 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुई भीषण बस दुर्घटना में 6 लोगों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना पर दुःख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुई भीषण बस दुर्घटना में 6 लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों की पीड़ा अत्यंत गहरी है। दुःख की इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
श्री चौधरी ने दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें। उन्होंने दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।



