Home छत्तीसगढ़ धमतरी शहर में AI आधारित निगरानी से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक...

धमतरी शहर में AI आधारित निगरानी से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई  

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

धमतरी : धमतरी शहर में AI आधारित निगरानी से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

 

 

 

 

 

इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से प्रमुख चौराहों पर रखी जाएगी नजर, ई-चालान से होगी कार्रवाई

धमतरी, 22 अक्टूबर 2026

धमतरी शहर में नागरिकों की सुरक्षा, सुगम यातायात और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) विकसित किया जा रहा है। इसके तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर आधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी प्रणाली के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखी जाएगी तथा नियमानुसार ई-चालान के जरिए कार्रवाई की जा सकेगी। महापौर श्री रामू रोहरा की पहल पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से इस व्यवस्था को मूर्त रूप दिया जा रहा है। आगामी दिनों में नगर निगम क्षेत्र में इसके संचालन की तैयारी है।

प्रस्तावित व्यवस्था के अंतर्गत अर्जुनी चौक, सिहावा चौक, मकई चौक, रत्नाबांधा चौक और अंबेडकर चौक सहित शहर के प्रमुख यातायात स्थलों पर कैमरे लगाए जाएंगे। इससे यातायात व्यवस्था की निगरानी, नियमों के उल्लंघन की पहचान तथा जरूरत के अनुसार त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी। साथ ही, शहर में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और पुलिस को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में भी यह प्रणाली उपयोगी होगी।

महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। आईसीसीसी की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से विकसित की जा रही यह व्यवस्था यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने, नियमों के पालन को प्रोत्साहित करने और नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगी। हमारा प्रयास है कि शहरवासियों को सुरक्षित आवागमन का बेहतर वातावरण मिले।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग शहरी व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आईसीसीसी के माध्यम से प्रमुख चौराहों की निगरानी और यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और नागरिकों की जान सुरक्षित रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। AI आधारित कैमरा प्रणाली से नियमों के उल्लंघन की पहचान और ई-चालान के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई में सहायता मिलेगी। इससे वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ेगी। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करना भी है।

आईसीसीसी के प्रभावी संचालन से धमतरी में तकनीक आधारित शहरी निगरानी को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल सुरक्षित यातायात, बेहतर कानून-व्यवस्था और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।