मुंगेली : सरगांव-साकेत मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण से आवागमन होगा सुगम
2170.36 लाख रुपये की लागत से 12 किमी सड़क का हो रहा उन्नयन, 08 किमी डामरीकरण पूर्ण
दौना और टिकैतपेण्ड्री में सीसी मार्ग निर्माण कार्य प्रगतिरत, दिसंबर 2026 तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य
मुंगेली, 23 अक्टूबर 2026
जिले में सड़क अधोसंरचना को बेहतर बनाने और आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में सरगांव-साकेत मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। लंबे समय से जर्जर स्थिति में रही इस सड़क के उन्नयन के लिए उपमुख्यंत्री श्री अरूण साव के निर्देशानुसार 12 किलोमीटर लंबाई के निर्माण कार्य के लिए 2170.36 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण कार्य के तहत अब तक 08 किलोमीटर हिस्से में डामरीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
वहीं, ग्राम दौना एवं टिकैतपेण्ड्री के बस्ती क्षेत्रों में सीसी मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है। शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। संपूर्ण निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। सरगांव-साकेत मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। सड़क के उन्नयन से स्थानीय नागरिकों, यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बस्ती क्षेत्रों में सीसी मार्ग का निर्माण सड़क को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। जर्जर सड़क के स्थान पर मजबूत एवं बेहतर सड़क बनने से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी तथा दैनिक आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।



