Home छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण सड़क अधोसंरचना को...

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण सड़क अधोसंरचना को मिल रही मजबूती, सरगुजा के 10 गांवों को मिली बारहमासी सड़क की सौगात

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण सड़क अधोसंरचना को मिल रही मजबूती, सरगुजा के 10 गांवों को मिली बारहमासी सड़क की सौगात

 

 

 

 

 

6.02 करोड़ रुपये की स्वीकृति से पलंगड़ी-इरगवां पहुंच मार्ग का निर्माण पूर्ण, 3.70 किलोमीटर लंबी सड़क से आवागमन होगा सुगम

मार्ग पर 6 पाइप पुलिया, 4 स्लैब कल्वर्ट और 2 मध्यम पुलों का भी निर्माण, बरसात में आवागमन की परेशानियों से मिलेगी राहत

किसानों को कृषि उपज के परिवहन और विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में होगी सहूलियत

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026

 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने और दूरस्थ गांवों को बेहतर आवागमन सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर विकासखंड में पलंगड़ी से इरगवां पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लगभग 6.02 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति से निर्मित 3.70 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से क्षेत्र के 10 गांवों के ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। सड़क के साथ पुल-पुलियों का निर्माण होने से विशेषकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन संबंधी कठिनाइयों से राहत मिलेगी। साथ ही विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंच आसान होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

6.02 करोड़ रुपये की स्वीकृति से सड़क निर्माण, 12 पुल-पुलिया एवं कल्वर्ट भी बने

लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) संभाग, अम्बिकापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पलंगड़ी-इरगवां पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 24 दिसंबर 2024 को 602.58 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके अंतर्गत 3.70 किलोमीटर लंबे मार्ग में 3.05 किलोमीटर बी.टी. सड़क तथा 0.65 किलोमीटर सी.सी. सड़क का निर्माण किया गया है। मार्ग की चौड़ाई 3.75 मीटर रखी गई है। इसके अतिरिक्त मार्ग पर 6 पाइप पुलिया, 4 स्लैब कल्वर्ट तथा नाले पर 2 मध्यम पुलों का निर्माण किया गया है। इन मध्यम पुलों में क्रमशः 6 मीटर के 2 स्पान और 8 मीटर के 3 स्पान की संरचनाएं शामिल हैं। इन निर्माण कार्यों से मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होने के साथ वर्षभर आवागमन सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।

10 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ

पलंगड़ी-इरगवां पहुंच मार्ग के निर्माण से रजपुरी, धनपुरी, टपरकेला, अमदला, चांदो, बेलदगी, पलंगड़ी, इरगवां, अमलभिट्ठी एवं देवीटिकरा सहित क्षेत्र के 10 गांवों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। सड़क निर्माण से इन गांवों का आपसी संपर्क मजबूत होने के साथ विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंच अधिक सुविधाजनक होगी। ग्रामीणों को शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और स्थानीय बाजारों तक आने-जाने में आसानी होगी। विशेष रूप से विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों के लिए बेहतर सड़क संपर्क उपयोगी साबित होगा। बरसात के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने के साथ ग्रामीणों को आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत होगी।

कृषि उपज के परिवहन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति

पलंगड़ी-इरगवां मार्ग से जुड़े गांवों में कृषि ग्रामीण आजीविका का प्रमुख आधार है। सड़क सुविधा बेहतर होने से किसानों को अपनी कृषि उपज स्थानीय बाजारों एवं मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। इसके साथ ही खाद, बीज, कृषि उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्रियों का परिवहन भी सुगम होगा। बेहतर सड़क संपर्क से परिवहन में लगने वाले समय और आवागमन संबंधी परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है। इससे किसानों के साथ स्थानीय व्यापारियों और छोटे व्यवसायियों को भी लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क, पुल और पुल-पुलियों के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को गति दी जा रही है। पलंगड़ी-इरगवां पहुंच मार्ग का निर्माण पूर्ण होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सड़क क्षेत्र के 10 गांवों को बारहमासी आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्थानीय व्यापार के लिए बेहतर संपर्क सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देने में सहायक सिद्ध होगी