बड़े-बड़े डॉक्टरों के नाम अस्पताल में दर्ज, लेकिन इलाज और सर्जरी कौन कर रहा है? जिन डॉक्टरों के नाम लिखे हैं, उन्होंने ही अस्पताल से संबंध होने से किया इनकार!
मुंगेली विशेष पड़ताल
शहर के बिलासपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल में बड़े-बड़े डिग्रीधारी डॉक्टरों के नाम प्रदर्शित किए गए हैं, लेकिन अस्पताल में मरीजों का इलाज और सर्जरी कथित तौर पर कोई दूसरा व्यक्ति कर रहा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल का डायरेक्टर स्वयं डॉक्टर की भूमिका निभाते हुए मरीजों का इलाज करने के साथ ऑपरेशन और सर्जरी भी करता है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अस्पताल में जिन डिग्रीधारी डॉक्टरों के नाम लिखे गए हैं, एक डॉक्टर उनसे चर्चा करने पर उन्होंने कथित तौर पर अस्पताल से किसी भी प्रकार का संबंध होने से इनकार किया है। संबंधित डॉक्टरों का कहना है कि उनका उस अस्पताल से कोई लेना-देना नहीं है।
ऐसे में सवाल उठता है कि यदि अस्पताल में जिन डॉक्टरों के नाम प्रदर्शित किए गए हैं, उनका वहां से कोई संबंध ही नहीं है, तो फिर मरीजों का इलाज और सर्जरी कौन कर रहा है? क्या अस्पताल में योग्य एवं पंजीकृत चिकित्सकों की मौजूदगी सुनिश्चित है? क्या स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल के संचालन और चिकित्सा गतिविधियों की नियमित जांच की जा रही है?
कंपाउंडर से डायरेक्टर तक का सफर, अब डॉक्टर की भूमिका
स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति पहले कंपाउंडर के रूप में काम करता था। इसके बाद अस्पताल का डायरेक्टर बना और अब खुद डॉक्टर की तरह मरीजों का इलाज एवं सर्जरी करने के आरोप सामने आ रहे हैं। यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर मामला हो सकता है।
अब आयुष्मान योजना से इलाज शुरू करने की तैयारी, किन मापदंडों पर मिलेगी अनुमति?
सूत्रों के हवाले से एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ रही है कि बिलासपुर रोड स्थित इस निजी अस्पताल में जल्द ही आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों का इलाज शुरू होने की तैयारी है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर किन निर्धारित मापदंडों और पात्रता के आधार पर इस अस्पताल को आयुष्मान योजना से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है? क्या अस्पताल में आवश्यक विशेषज्ञ डॉक्टर, योग्य मेडिकल स्टाफ, जरूरी चिकित्सा सुविधाएं और निर्धारित संसाधन उपलब्ध हैं?
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से भी होगी लिखित शिकायत!
मामले को लेकर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के समक्ष भी लिखित शिकायत प्रस्तुत की जाएगी। शिकायत में सवाल उठाया जाएगा कि निजी अस्पतालों का समय-समय पर निरीक्षण क्यों नहीं किया जाता? आखिर अस्पतालों की कार्यप्रणाली, डॉक्टरों की उपलब्धता और चिकित्सा सुविधाओं की नियमित जांच की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी कब सक्रिय होंगे? अस्पतालों की नियमित जांच और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री से होगी शिकायत, जांच के बाद सामने आएगा सच
पूरे मामले को लेकर जल्द ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत करने की तैयारी है। शिकायत के माध्यम से अस्पताल के पंजीयन, नर्सिंग होम एक्ट के तहत निर्धारित नियमों, चिकित्सकों की नियुक्ति, उनकी वास्तविक उपस्थिति और ऑपरेशन करने वाले व्यक्ति की शैक्षणिक योग्यता एवं पंजीयन की जांच की मांग की जाएगी।
THEभारत 24 करेगा जल्द खुलासा!
बिलासपुर रोड स्थित निजी अस्पताल का नाम, अस्पताल की कार्यप्रणाली और पूरे मामले से जुड़े जिम्मेदारों की पहचान जल्द ही तथ्यों एवं दस्तावेजों के साथ सार्वजनिक की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की भूमिका और अस्पतालों की जांच में कथित लापरवाही से जुड़े हर पहलू को भी उजागर किया जाएगा।
नाम सहित होगा खुलासा, सामने आएगा पूरा सच!
THEभारत 24 – सच के साथ।



