Home छत्तीसगढ़ छत्‍तीसगढ़ में PM मोदी की चार चुनावी सभाएं करवाने की तैयारी

छत्‍तीसगढ़ में PM मोदी की चार चुनावी सभाएं करवाने की तैयारी

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसभा की 11 सीट पर फतह करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चार सभाएं कराने की तैयारी है। भाजपा प्रदेश संगठन ने रायपुर, रायगढ़, सरगुजा और राजनांदगांव में मोदी की सभा का प्रस्ताव भेजा है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छह सभाएं हो सकती हैं।

इस बीच, भाजपा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राजनाथ सिंह सहित 11 केंद्रीय मंत्री और दो राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हैं। लोकसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद भी पार्टी ने वरिष्ठ सांसदों रमेश बैस, विष्णुदेव साय और दिनेश कश्यप को स्टार प्रचारक की सूची में शामिल किया है। 

उत्तर भारतीयों के बीच योगी, तिवारी तो ओडिशा मूल के बीच होंगे धमेंद्र-रघुवर

भाजपा ने वोटर के मिजाज के आधार पर स्टार प्रचारकों का चयन किया है। उत्तर भारतीय वोटर के लिए योगी आदित्यनाथ, मुख्तार अब्बास नकवी, मनोज तिवारी, डॉ अनिल जैन, पड़ोसी राज्य ओडिशा मूल के वोटरों के लिए धर्मेंद्र प्रधान, झारखंड मूल के लिए रघुवर दास, महाराष्ट्र के लिए नितिन गड़करी, मध्यप्रदेश के लिए शिवराज सिंह चौहान को मैदान में उतारा है। भाजपा के आला नेताओं की मानें तो केंद्र सरकार की सबसे अच्छी योजनाओं का मंत्रालय संभाल रहे केंद्रीय मंत्रियों को प्रचार मैदान में उतारा गया है।

इसके लिए राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, थावरचंद गहलोत, जगत प्रकाश नड्डा, निर्मला सीतारमण, उमा भारती, स्मृति इरानी, मुख्तार अब्बास नकवी को प्रचार का जिम्मा सौंपा गया है। संगठन के नेताओं को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। इसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल प्रमुख हैं।

रमन-सरोज पर भरोसा

छत्तीसगढ़ के स्टार प्रचारकों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय पर पार्टी ने भरोसा जताया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री सौदान सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम, प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक भी स्टार प्रचारक हैं।

पार्टी ने सांसद विष्णुदेव साय, रमेश बैस, दिनेश कश्यप, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, कृष्णमूर्ति बांधी, भीमा मंडावी, पिछले चुनाव में हारे राजेश मूणत, महेश गागड़ा, अमर अग्रवाल, लता उसेंडी को भी प्रचार का जिम्मा सौंपा है। वहीं, संगठन के नेता पवन साय, सुभाष राव, कमलचंद भंजदेव को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।