Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में आग उगल रहा है सूरज, जानिये अगले कुछ दिनों में...

छत्तीसगढ़ में आग उगल रहा है सूरज, जानिये अगले कुछ दिनों में क्‍या होगा हाल

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003
IMG-20240704-WA0019
IMG-20220701-WA0004
WhatsApp-Image-2022-08-01-at-12.15.40-PM
1658178730682
WhatsApp-Image-2024-08-18-at-1.51.50-PM

सूरज आग उगल रहा है और तापमान रफ्तार पकड़े हुए है। फणि तूफान के गुरजने के बाद तापमान बढ़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अगले 24 घंटे तक तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि एक पश्चिमी विक्षोभ कुछ हद तक तापमान में कमी ला सकता है। इससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

गुरुवार को 45 डिग्री तापमान के साथ रायपुर ने बीते वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह इस सीजन में रायपुर का सबसे अधिक तापमान है। बिलासपुर, दुर्ग के तापमान में बीते 24 घंटे में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को ही लू अलर्ट जारी कर दिया था, इसे दो दिन और यानी शुक्रवार-शनिवार तक के लिए बढ़ा दिया है। रिकॉर्ड के मुताबिक 29 मई 2018 को रायपुर का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री था, जो 2018 में सर्वाधिक तापमान था।

गुरुवार दोपहर को रायपुर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह सूरज उगने के साथ जो गर्मी थी, वह दिन चढ़ने के साथ बढ़ती गई। रात तक गर्म हवा चली, राहत की दूर-दूर तक कोई गुंजाइश नहीं थी।

10 किमी दूर माना 45.5 डिग्री

रायपुर से 10 किमी दूर माना का तापमान 45.5 डिग्री दर्ज हुआ। माना एयरपोर्ट पर जहां मौसम का यंत्र लगा हुआ है, वह काफी बड़ा खुला क्षेत्र है। यहां हवा रुकती नहीं, सीधे आती है और वास्तविक तापमान दर्ज होता है।

शहरों का तापमान

शहर- 27 अप्रैल- 9 मई

रायपुर- 44.2- 45.0

बिलासपुर- 44.2- 44.6

पेंड्रारोड- 41.3- 41.8

अंबिकापुर- 40.5- 41.4

जगदलपुर- 41.9- 42.4

दुर्ग- 43.4- 43.2

राजनांदगांव- 42.5

बीमारियां बढ़ने का खतरा

मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन की वजह से बीमारियां बढ़ने का खतरा है। लोग डिहाइड्रेशन के शिकार हो रहे हैं। आंबेडकर अस्पताल समेत शहर के निजी अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी है। सीनियर फिजिशियन डॉ. अब्बास नकवी के मुताबिक ऐसी स्थिति में घर से पानी लेकर चलें, साथ में ग्लूकोस भी। समय-समय पर पानी पीते रहें, तरल पदार्थ अधिक मात्रा में लें, क्योंकि ऐसे मौसम में लापरवाही बहुत भारी पड़ सकती है।

तेजी से बढ़ रहा है रात का पारा

दिन तो लोग जैसे-तैसे गुजार ले रहे हैं, लेकिन रात का पारा चैन से सोने नहीं दे रहा है। शनिवार, रविवार की रात को राजधानी का तापमान 30 डिग्री के करीब रहा। पंखा, कूलर ने काम ही करना बंद कर दिया है।

इनका कहना है

गर्म हवा के आने का सिलसिला जारी रहेगा, तापमान में अगले दो दिनों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है।

-आरके वैश्य, मौसम विज्ञानी, लालपुर मौसम विज्ञान केंद्र