Home समाचार PoK में आतंकी कैंपों पर बोफोर्स ने दागे गोले, कई घुसपैठिए मारे...

PoK में आतंकी कैंपों पर बोफोर्स ने दागे गोले, कई घुसपैठिए मारे गए

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

सीमा पर पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को नाकाम करने और उसको मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय सेना ने बोफोर्स होवित्जर तोपों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है. अब नियंत्रण रेखा (LOC) पर पाकिस्तान की आतंकी घुसपैठ को विफल करने और उसकी गोलाबारी का जवाब भारतीय सेना बोफोर्स होवित्जर तोपों से दे रही है.

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में मौजूद पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर आतंकी कैंप चलाए जा रहे हैं, जिन पर भारतीय सेना ने बोफोर्स तोपों से गोले दागे हैं. सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना सिर्फ सीमा पार बैठे आतंकियों और उनका समर्थन करने वाली पाकिस्तानी सेना के ठिकानों को निशाना बना रही है. राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी बोफोर्स की तैनाती की पुष्टि की है.

इससे पहले 31 जुलाई और 1 अगस्त की रात को पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (BAT) ने केरन सेक्टर हमला करने की कोशिश की थी, जिसको भारतीय सेना के जवानों ने विफल कर दिया.

इसके बाद एलओसी पर चार शव देखे गए हैं. माना जा रहा है कि ये चारों शव पाकिस्तान एसएसजी कमांडो और पाकिस्तानी आतंकियों के हैं. ये चारों भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में मारे गए हैं. सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी सेना इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाने और शवों को बरामद करने से रोकने की कोशिश कर रही है.

सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर की शांति भंग करना चाहता है. पाकिस्तान पिछले 36 घंटे से जैश-ए-मोहम्मद समेत अन्य आतंकी संगठनों के खूंखार आतंकियों की घुसपैठ कराने की पुरजोर कोशिश कर रहा है. कुछ दिनों पहले ही इलाके में भारतीय सुरक्षा बलों ने 4 आतंकियों को ढेर किया था.

पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में माहौल बिगाड़ने और अमरनाथ तीर्थयात्रियों को निशाना बनाने की कई बार कोशिश कर चुका है. भारतीय सुरक्षा बलों ने अमरनाथ यात्रा रूट से पाकिस्तानी स्नाइपर राइफल, आईईडी और माइन बरामद किया है. साथ ही सुरक्षा बलों ने अमरनाथ तीर्थयात्रियों और सैन्य कर्मियों पर हमले की पाकिस्तानी साजिश को नाकाम कर दिया है.