Home क्षेत्रीय खबरें / अन्य खबरें अवैध रूप से पटाखे बनाते समय हुआ धमाका, मकान हुआ धराशायी, तीन...

अवैध रूप से पटाखे बनाते समय हुआ धमाका, मकान हुआ धराशायी, तीन घायल

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

 मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में बैराड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार देर रात एक घर में अवैध रूप से पटाखे बनाते समय जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान की छत उड़ गई और पूरा मकान धराशायी हो गया। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घर से अवैध रूप से पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला बारूद व अन्य सामान जब्त कर लिया है।

बैराड़ थाना पुलिस के मुताबिक, नगर में आजाद खान का परिवार बीती देर रात अपने घर में अवैध रूप से चोरी-छिपे पटाखे बनाने का काम कर रहा था। इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिससे उनके मकान की छत हवा में उड़ गई और मकान की दीवार धराशायी हो गई। हादसे के वक्त मौके पर तीन लोग मौजूद थे, जो बुरी तरह घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बैराड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलों में मकान मालिक आजाद खान, उसकी पत्नी रुखसाना और बेटा इसराइल शामिल है। आजाद खान को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद शिवपुरी जिला अस्पताल रैफर किया गया है, जबकि अन्य दोनों घायलों का बैराड़ में ही उपचार जारी है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।