Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ : शहर की सड़कों पर हाईस्पीड बाइक चलाने वालों को 1...

छत्तीसगढ़ : शहर की सड़कों पर हाईस्पीड बाइक चलाने वालों को 1 किमी के दायरे में ढूंढ लेगा अमेरिकी राडार…

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003
IMG-20240704-WA0019
IMG-20220701-WA0004
WhatsApp-Image-2022-08-01-at-12.15.40-PM
1658178730682
WhatsApp-Image-2024-08-18-at-1.51.50-PM

शहर की सड़कों पर अंधाधुंध स्पीड से बाइक चलाकर लोगों को परेशान करने वालों को अमेरिकी राडार 1 किलोमीटर के दायरे में ढूंढ लेगा। राडार की मदद से पुलिस को ये भी पता चल जाएगा कि वाहन किस रोड पर कितनी स्पीड से आ रहा है। पुलिस उसी समय घेरेबंदी कर बाइकर्स को उसी समय पकड़ लेगी। राडार की स्क्रीन में गाड़ी का नंबर और वाहन मालिक का नाम भी डिस्प्ले होगा। वाहन चालक अगर बचकर निकल भी गए तो पुलिस घर तक पहुंच जाएगी। अमेरिकी स्पीड राडार शहर में तेज रफ्तार वाहन चलाकर लोगों का जीवन खतरे में डालने वालों काे पकड़ने में मददगार होगा। 


पुलिस को दो स्पीड राडार मशीन मिली है। मशीन में बेहद हाईटेक कैमरा और लेजर सिस्टम लगा हुआ है। इसी की मदद से राडार करीब एक किलोमीटर के दायरे में हाई स्पीड वाहनों का पता लगाता है। इसमें वीडियो रिकॉर्डिंग सुविधा के साथ फाेटो भी खींचने का विकल्प है। जीपीएस भी लगा हुआ है, जो गाड़ियों का लोकेशन भी बताता है। मशीन से ऑटोमेटिक प्रिंट निकलता है।

उसमें गाड़ी की रफ्तार, लोकेशन, नंबर, मालिक का नाम, तारीख और समय तक लिखा होता है। पुलिस मुख्यालय से दो मशीनें मिलने के बाद इसे इंटरसेप्टर व्हीलर में लगाकर ट्रायल शुरू कर दिया गया है। दस दिन पहले ट्रैफिक जवानों को मशीन चलाने की ट्रेनिंग भी दे दी गई है। अफसरों का कहना है कि अगले हफ्ते से पुलिस हाई स्पीड राडार से तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई शुरू करेगी। 

नाइट विजन कैमरा, हल्की रोशनी में भी बताएगा रफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्पीड राडार मशीन में नाइट विजन कैमरा लगा हुआ है, जो रात में हल्की रोशनी में भी गाड़ी की रफ्तार बताती है। इसमें स्पीड निर्धारित कर दिया गया है। ये राडार 40 किलोमीटर प्रतिघंटा से ज्यादा रफ्तार वाले वाहनों पर ही फोकस करेगा। इससे कम रफ्तार वाले कोई भी वाहन राडार के सेंसर में ही नहीं आएंगे। उनकी कोई जानकारी मशीन की स्क्रीन पर डिस्प्ले नहीं होगी। अफसरों ने बताया कि स्पीड राडार मशीन बाइक से लेकर भारी वाहनों की भी रफ्तार की जांच करेगी। 

इन इलाकों में हाई स्पीड बाइकर्स पैदा कर रहे हैं खतरा
तेलीबांधा तालाब के सामने वाली रोड के अलावा, शंकर नगर रोड, जल विहार कॉलोनी की सड़क, बैरनबाजार से गुजरने वाली रोड, गौरवपथ में नगर घड़ी चौक से एसआरपी चौक, जीई रोड, केनाल रोड में ऑक्सीजोन के पीछे से शांतिनगर चौक के बीच, समता कॉलोनी और मरीन ड्राइव से कटोरा तालाब के सामने वाली रोड और वहीं से आगे ओवर ब्रिज होते हुए लालपुर तक जाने  वाली सड़क पर हाई स्पीड बाइकर्स अपने साथ साथ दूसरों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। अफसरों के अनुसार इसके अलावा कुछ अन्य इलाकों में हाईस्पीड बाइकर्स का लोगों को परेशान कर रहे हैं, लेकिन पुलिस ने कुछ खास इलाके तय कर लिए हैं। पहले चरण में उन्हीं इलाके में इंरटसेप्टर वाहन तैनात कर हाई स्पीड वाहन चालकों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

40 फीसदी हादसे हाईस्पीड के कारण
पुलिस के अनुसार शहर में 40 फीसदी हादसे हाईस्पीड गाड़ियों के कारण हो रहे हैं। लोग तेज रफ्तार वाहन चलाने के चक्कर में अपने गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाते हैं और हादसे का शिकार होते हैं। गाड़ियों की रफ्तार को काबू कर हादसों को कम किया जा सकता। 
 

हाई स्पीड बाइकर्स पर सख्ती
 हाईस्पीड बाइकर्स पर कार्रवाई के लिए सरकार से दो स्पीड राडार मिली है। उससे जल्द ही शहर के भीतर कार्रवाई शुरू की जाएगी।