Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में कोरोना :राज्य में 24 घंटे में रिकॉर्ड 4617 केस मिले,...

छत्तीसगढ़ में कोरोना :राज्य में 24 घंटे में रिकॉर्ड 4617 केस मिले, दुर्ग में ये आंकड़ा 996 पहुंचने के बाद 6 से 14 अप्रैल तक टोटल लॉकडाउन

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

छत्तीसगढ़ में 24 घंटे में रिकॉर्ड 4617 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। 24 घंटे में मिले ये अब तक के सबसे ज्यादा केस हैं। दुर्ग में 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक यानी 9 दिन का टोटल लॉकडाउन लगा दिया गया है। यहां एक दिन में 996 केस सामने आए हैं। बेमेतरा में अगले आदेश तक आंशिक लॉकडाउन लागू किया गया है। राज्य के 20 जिलों में नाइट कर्फ्यू जारी है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद छत्तीसगढ़ लॉकडाउन लगाने वाला तीसरा राज्य बन गया है। यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 28987 है।

1 अप्रैल को 25 संक्रमितों की जान गई, नया वैरिएंट मिला
1 अप्रैल को प्रदेश में 25 कोरोना मरीजों की जान गई। आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते 3 हफ्तों में नए केस तेजी से बढ़े हैं। 27 मार्च को 3162, 30 मार्च को 3108, 31 मार्च को 4563 और 1 अप्रैल को रिकॉर्ड 4617 केस सामने आए हैं। पिछले साल सबसे ज्यादा 3896 केस 26 सितंबर को सामने आए थे। राज्य में कोरोना का नया वैरिएंट भी मिला है। N-440 नाम के इस वैरिएंट के प्रभाव का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

रिव्यू के बाद और जिलों में भी लगाया जा सकता है लॉकडाउन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित जिलों के रिव्यू के बाद लॉकडाउन पर फैसला लें। माना जा रहा है कि कई और जिलों में लॉकडाउन का फैसला लिया जा सकता है। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, डॉक्टरों और कर्मचारियों की छुटि्टयां निरस्त कर दी गई हैं। राज्य में हर दिन वैक्सीनेशन किया जाएगा।

राजधानी रायपुर के साथ कई जिलों में हालात बिगड़े
राजधानी रायपुर में 1 अप्रैल को 1327 नए मरीज मिले। अब संक्रमितों का आंकड़ा 66,999 पहुंच गया है। इनमें से 58,682 लोग ठीक हुए। 914 की जान गई। जिले में अभी 7403 एक्टिव केस हैं। दुर्ग में संक्रमितों की संख्या 40068 हो गई है। यहां एक अप्रैल को 7 मरीजों की मौत हो गई। यहां मौतों का कुल आंकड़ा 754 हो गया है। 9883 एक्टिव मरीज हैं।

राजनादगांव में 24 घंटे में 437 नए मरीज सामने आए। अभी यहां 2084 एक्टिव मरीज हैं। बेमेतरा में अब तक 6274 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें 78 की मौत हो चुकी है। 1017 अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। पिछले 24 घंटे में यहां 118 नए मरीज सामने आए हैं।

रिसाली के पांच साप्ताहिक बाजार बंद

कोरोना महामारी के संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर पालिक निगम रिसाली के पांच साप्ताहिक बाजारों को तत्काल प्रभार से बंद किया गया है। इनमें मंगल बाजार मरोदा जो प्रत्येक मंगलवार का लगता है, स्टेशन मरोदा सप्ताह में दो दिन गुरुवार एवं रविवार लगता है, शनिचरी बाजार रूंआबांधा जो प्रत्येक शनिवार को लगता है, रिसाली का बाजार जो प्रत्येक रविवार को लगता है और डूण्डेरा का सप्ताह में दो दिन सोमवार एवं गुरुवार को लगने वाला बाजार शामिल है।

भाजपा विधायक संक्रमित

मस्तूरी से भाजपा विधायक और छत्तीसगढ़ विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष डॉक्टर कृष्णमूर्ति बांधी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये खुद यह जानकारी साझा की है। उन्होंने संपर्क में आये लोगों को जांच कराने की सलाह दी है।