Home छत्तीसगढ़ मुंगेली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम...

मुंगेली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को ऑनलाइन किया संबोधित

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर. 10 मार्च 2024. उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज मुंगेली जिला मुख्यालय में आयोजित महतारी वंदन सम्मेलन में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सम्मेलन में काशी (वाराणसी) से ऑनलाइन जुड़कर प्रदेश में महतारी वंदन योजना का शुभारंभ करते हुए महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजधानी रायपुर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित किया। राज्य शासन की महतारी वंदन योजना के अंतर्गत आज मुंगेली जिले की दो लाख 14 हजार 452 महिलाओं के खातों में प्रथम किस्त की राशि पहुंची।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज मुंगेली के आदर्श कृषि उपज मण्डी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और स्वर्ण अक्षरों में लिखने का दिन है। आज छत्तीसगढ़ महतारी का मान-सम्मान और गौरव बढ़ा है। महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक-एक गारंटी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पूरा करने के लिए कार्य किया जा रहा है। गांव, गरीब और किसानों की तरक्की और खुशहाली के लिए कई योजनाएं बनाई जा रही हैं। राज्य में नई सरकार बनने के बाद सबसे पहले 18 लाख गरीब परिवारों को आवास देने का निर्णय लिया गया। उसके बाद 12 लाख से अधिक किसानों को दो साल का बकाया बोनस दिया गया। प्रदेश में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जिसकी अंतर की राशि 12 मार्च को किसानों के खाते में अंतरित की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि माताओं और बहनों के लिए भी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। हर घर शौचालय, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं और महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की जा रही है। महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, उनकी तरक्की और खुशहाली के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक बेटियों और महिलाओं की तरक्की नहीं होगी, तब तक देश की तरक्की नहीं हो सकती। उन्होंने महिलाओं को बधाई देते हुए महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग अपने परिवार की खुशहाली के लिए करने को कहा।

मुंगेली के विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को एक हजार रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज महिलाओं के खातों में राशि अंतरित कर इसकी शुरूआत की है। मुंगेली के कलेक्टर श्री राहुल देव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री गिरिजाशंकर जायसवाल, वनमंडलाधिकारी श्री सत्यदेव शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत की सदस्य श्रीमती दुर्गा उमाशंकर साहू और नगर पालिका के कार्यकारी अध्यक्ष श्री मोहन मल्लाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।