Home छत्तीसगढ़ बिलासपुर में होली पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, शहरभर में चेकिंग प्वाइंट सक्रिय

बिलासपुर में होली पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, शहरभर में चेकिंग प्वाइंट सक्रिय

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

बिलासपुर- होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए गए और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल व अधिकारी तैनात रहे। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

78 पेट्रोलिंग वाहन और 37 बाइक टीम तैनात

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि शहर में 78 पेट्रोलिंग वाहनों को तैनात किया गया। प्रत्येक वाहन में एक अधिकारी के साथ छह-छह जवान मौजूद रहे। इसके अलावा 37 बाइक पेट्रोलिंग टीम भी सक्रिय रही, जिनमें दो-दो जवान लगातार गश्त करते रहे। भीड़भाड़ वाले बाजारों, रिहायशी क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की सतत मौजूदगी रही।

एसएसपी ने देर रात तक किया निरीक्षण

एसएसपी रजनेश सिंह के साथ एएसपी पंकज पटेल, प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन समेत राजपत्रित अधिकारियों ने मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। होलिका दहन के दौरान अधिकारियों ने रात दो बजे तक शहर के सभी चेकिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, होलिका दहन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सभी स्थानों पर हालात सामान्य और नियंत्रण में रहे।

128 आदतन बदमाश गिरफ्तार

होली के मद्देनजर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 128 आदतन निगरानीशुदा और गुंडा बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके अलावा 36 आदतन अपराधियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 129 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन्हें समझाइश देकर आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने को कहा।

337 व्यक्तियों को बाउंड ओवर

जिलेभर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 337 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 126 और 135 के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। साथ ही 19 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 के तहत कार्रवाई की गई। एएसपी पंकज पटेल के अनुसार यह कार्रवाई एहतियात के तौर पर की गई।

22 हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार

जिले में अलग-अलग स्थानों पर 22 आरोपियों को आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत गिरफ्तार किया गया। वहीं, आबकारी एक्ट के तहत अवैध शराब के 64 मामलों में कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक नशाखोरी और अवैध हथियारों पर विशेष निगरानी रखी गई।